सात विवेचकों की लापरवाही पर जांच के आदेश:संतकबीर नगर में SP ने गैंगस्टर व महिला अपराधों की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की

Jul 18, 2026 - 11:02
 0  0
सात विवेचकों की लापरवाही पर जांच के आदेश:संतकबीर नगर में SP ने गैंगस्टर व महिला अपराधों की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की
संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप कुमार मीना ने गैंगस्टर अधिनियम और महिला संबंधी अपराधों की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। इस दौरान विवेचना में लापरवाही पाए जाने पर सात विवेचकों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए। एसपी ने सभी विवेचकों को भविष्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने की कड़ी चेतावनी भी दी। पुलिस कार्यालय स्थित अर्दली रूम में हुई इस बैठक में एसपी ने जनपद के सभी थानों में दर्ज गैंगस्टर अधिनियम, हत्या, दहेज हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, शीलभंग, छेड़खानी तथा बीएनएस की धारा 69 एवं 85 से संबंधित लंबित और आंशिक विवेचनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष संकलन किया जाए, गवाहों के बयान समयबद्ध तरीके से दर्ज हों और सभी आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी की जाएं। एसपी ने निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूरी करने पर जोर दिया और स्पष्ट किया कि विवेचना में अनावश्यक विलंब या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। एसपी ने प्रभारी निरीक्षकों को अपने अधीनस्थ विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनशिकायतों के त्वरित परीक्षण, विधिक कार्रवाई और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने पर भी बल दिया। बैठक में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया गया। एसपी ने विवेचकों को यक्ष ऐप, ई-समन और एस-आईडी प्रणाली का प्रभावी इस्तेमाल कर विवेचना को पारदर्शी, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0