पाकिस्तान से 70 करोड़ की हेरोइन मंगानेवाले पेडलर का सच:3 देशों में नेटवर्क, कॉलेज स्टूडेंट्स को हथियार सप्लाई, पिता बोले- हमारे लिए वो मर गया
पाकिस्तान से बीकानेर के रास्ते सप्लाई हुई 70 करोड़ की हेरोइन मामले ने राजस्थान पुलिस की नींद उड़ा दी है। इस पूरे काले कारोबार का मास्टरमाइंड सोजत (पाली) का राकेश प्रजापत है। 4 बहनों और 2 भाइयों में सबसे छोटा राकेश कभी छोटी-मोटी चोरियां करता था, लेकिन आज उसने तीन देशों (भारत, नेपाल और दुबई) तक ड्रग्स का नेटवर्क फैला लिया है। राकेश के अपराधी बनने का सफर किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा है। यह है मामला बीकानेर के पूंगल थाना क्षेत्र में 21 अप्रैल को एक स्कूटी सवार हादसे का शिकार हो गया था। गंभीर हालत में उसे हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने स्कूटी की जांच की तो 70 करोड़ की 14 किलो हेरोइन मिली। स्कूटी सवार की पहचान पाली जिले के सोजत के रेपड़ावास निवासी खेताराम के रूप में हुई।
अगले दिन होश में आने के बाद खेताराम से पुलिस ने हेरोइन को लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि हेरोइन का पैकेट गांव के पास रहने वाले चोपड़ा (सोजत, पाली) निवासी राकेश प्रजापत का है। दोनों पांच साल से एक-दूसरे को जानते हैं। इसके बाद पुलिस ने जयपुर से राहुल और प्रशांत कयाल को गिरफ्तार किया था। जेल बनी जुर्म की यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स को पिस्टल सप्लाई करने लगा जोधपुर के बिलाड़ा जेल से छूटने के बाद राकेश एक-दो चोरी व लूट की वारदात में शामिल हुआ था। इस दौरान पुलिस ने उसके पास से हथियार पकड़े थे। 13 मई 2024 को पाली जिले की शिवपुरा पुलिस ने कुछ कॉलेज स्टूडेंट्स को गिरफ्तार किया था। उनके पास से पुलिस ने पिस्टल बरामद की थी। पूछताछ में पता चला कि राकेश प्रजापत ने उन्हें पिस्टल सप्लाई की थी। पुलिस के सामने यह भी आया था कि राकेश ने और भी कई लोगों को पिस्टल सप्लाई की। नेपाल और दुबई तक फैले तार पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि राकेश ने अपना नेटवर्क सिर्फ राजस्थान तक सीमित नहीं रखा है।
वह कई बार नेपाल जा चुका है, जहां वह ड्रग्स की खेप ठिकाने लगाता था।
पुलिस को उसके एक-दो बार दुबई जाने के भी इनपुट मिले हैं, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।
2023 के बाद राकेश ने अपनी पहचान पूरी तरह मिटा दी है। उसने अपना फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिया और अब केवल इंटरनेट कॉलिंग के जरिए चुनिंदा लोगों से बात करता है। पिता बोले- सात साल पहले मर गया बेटा भास्कर की टीम जब राकेश के गांव चोपड़ा (सोजत, पाली) पहुंची, तो वहां सन्नाटा पसरा था। साधारण से घर के बंद दरवाजों के पीछे से महिलाओं ने राकेश से किसी भी रिश्ते से इनकार कर दिया।
राकेश के पिता शिव प्रजापत शिक्षा विभाग से रिटायर्ड हैं।
उन्होंने कहा- राकेश मेरे लिए 7 साल पहले ही मर गया। वह आखिरी बार 2019 में दिखा था। इसके बाद बहनों की शादी-दादा की मौत कई मौके आए, लेकिन वह घर नहीं आया। पुलिस उस पर कड़ी कार्रवाई करे, वरना वह गांव के दूसरे बच्चों को भी बर्बाद कर देगा। विदेश तक हेरोइन की सप्लाई सोजत डीएसपी रतन देवासी ने बताया कि आरोपी राकेश 2020 से चोरी की वारदात में शामिल रहा। उस पर पाली, ब्यावर, जोधपुर के बिलाड़ा और बेंगलुरु में चोरी-नकबजनी और हथियार तस्करी के दस केस दर्ज हैं।
बीकानेर में अब मादक पदार्थ तस्करी में वांटेड है। वहीं पाली पुलिस ने भी उसपर इनाम घोषित कर रखा है। बीकानेर पुलिस से इनपुट मिला है कि वह पाकिस्तान से हेरोइन मंगा विदेश तक सप्लाई करता था। 50 हजार का इनामी है पेडलर 21 अप्रैल को बीकानेर के पूंगल में एक स्कूटी हादसे के बाद 14 किलो हेरोइन बरामद हुई थी। तब से मुख्य आरोपी राकेश फरार है।
पाली और बीकानेर पुलिस ने राकेश पर 25-25 हजार (कुल 50 हजार) रुपए का इनाम घोषित किया है।
पुलिस ने राकेश के साथी खेताराम, राहुल और प्रशांत कयाल को गिरफ्तार कर लिया है।
सोजत डीएसपी रतन देवासी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अब उन कॉलेज स्टूडेंट्स और स्थानीय युवाओं की लिस्ट तैयार कर रही है, जो राकेश के संपर्क में थे और उसके लिए 'कूरियर' का काम कर रहे थे। ------ यह खबर भी पढ़िए… बेहोश पड़े युवक की स्कूटी से मिली 70-करोड़ की हेरोइन, पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती करवाकर गाड़ी चेक किया तो 14 किलो ड्रग मिली बीकानेर में सड़क हादसे में घायल युवक की स्कूटी की डिक्की से पुलिस को 70 करोड़ की हेरोइन मिली है। युवक सड़क पर घायल अवस्था में बेहोश पड़ा हुआ था। पढ़ें पूरी खबर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0