बुलंदशहर में मस्जिद की दीवार गिरी, 3 लोगों की मौत:एक ही परिवार के 6 लोग मलबे में दबे, तीन बच्चे गंभीर घायल
बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के मुंडाखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार शाम एक मस्जिद की ऊंची दीवार ढह गई। अब इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। देर शाम उपचार के दौरान मृतक सलीम की पत्नी ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। पीड़ित परिवार मस्जिद की दीवार के सहारे पॉलीथिन का तंबू लगाकर रहता था और दैनिक मजदूरी से गुजारा करता था।
हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य तंबू के नीचे बैठकर दोपहर का खाना खा रहे थे। लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो चुकी मस्जिद की भारी दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। मुंडाखेड़ा गांव के निवासियों ने हथौड़ों और सब्बल की मदद से मलबे को हटाकर नीचे दबे छह लोगों को बाहर निकाला। तब तक सलीम (45 वर्ष) और आजिब की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
गंभीर रूप से घायल सलीम की पत्नी गुलसिता उर्फ फुल्लो (50 वर्ष) ने भी देर शाम अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में तीन बच्चे जैनब (11 वर्ष), नाजरीन (15 वर्ष) और रिज़वान (16 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर शवों को कब्जे में लिया और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने इस हादसे के पीछे लापरवाही का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, मस्जिद के पास एक पुराना सरकारी स्कूल था, जिसे नीलामी में खरीदा गया था। आरोप है कि मलबे की खुदाई के दौरान जमीन को काफी गहराई तक खोदा गया था और बाद में वहाँ मिट्टी नहीं भरी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0