बलरामपुर डीएम का सख्त रुख, टीकाकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:ईंट-भट्ठों पर एक भी बच्चा या गर्भवती महिला न छूटे

Apr 8, 2026 - 16:53
 0  0
बलरामपुर डीएम का सख्त रुख, टीकाकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:ईंट-भट्ठों पर एक भी बच्चा या गर्भवती महिला न छूटे
बलरामपुर में विशेष टीकाकरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकास खंड तुलसीपुर के ग्राम सचिवालय शिवानगर में टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिक परिवारों के टीकाकरण को लेकर सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि ईंट-भट्ठों पर रहने वाले श्रमिक परिवार अक्सर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में उनके बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए विशेष अभियान चलाने और हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचने के निर्देश दिए। डॉ. विपिन कुमार जैन ने ड्यू लिस्ट की समीक्षा करते हुए चेतावनी दी कि जिन लाभार्थियों का टीकाकरण अभी तक नहीं हुआ है, उन्हें तुरंत चिन्हित कर टीका लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर संपर्क करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य छूटे हुए लाभार्थियों को टीकाकरण कार्यक्रम से जोड़ना है। जिलाधिकारी ने दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया। जिलाधिकारी ने टीकाकरण को मातृ एवं शिशु सुरक्षा की मजबूत ढाल बताते हुए कहा कि यह केवल एक औपचारिकता नहीं है। उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान अपर सीएमओ/जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तुलसीपुर, सीडीपीओ और ग्राम प्रधान सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0