डीएम ने खराब रैंकिंग वाले विभागों पर सख्ती दिखाई:अधूरा काम जल्दी पूरा करने का निर्देश, कार्रवाई की चेतावनी

Mar 18, 2026 - 12:35
 0  0
डीएम ने खराब रैंकिंग वाले विभागों पर सख्ती दिखाई:अधूरा काम जल्दी पूरा करने का निर्देश, कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में विभागीय प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की रैंकिंग और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सुधार न होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से योजनाओं की वास्तविक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड को गंभीरता से लें और प्रतिदिन अपनी विभागीय रैंकिंग की निगरानी करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी स्थिति में जनपद की रैंकिंग खराब नहीं होनी चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान एनआरएलएम, महिला एवं बाल विकास, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ग्राम विकास, आईसीडीएस, मुख्यमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, ओडीओपी तथा 15वें वित्त आयोग से संबंधित योजनाओं की प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को लक्ष्य निर्धारित कर तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। सीएम डैशबोर्ड समीक्षा से पूर्व जिलाधिकारी ने जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और कार्य पूर्ण होते ही हैंडओवर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी एजेंसियां सुनिश्चित करें कि कार्य मानक के अनुरूप और टिकाऊ हों। उन्होंने अपूर्ण कार्यों को जल्द पूरा करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0