फतेहपुर के शिक्षक आनंद मिश्र को राज्य अध्यापक पुरस्कार:प्राथमिक शिक्षा में नवाचार और समर्पण के लिए सम्मान

Sep 1, 2026 - 15:18
 0  0
फतेहपुर के शिक्षक आनंद मिश्र को राज्य अध्यापक पुरस्कार:प्राथमिक शिक्षा में नवाचार और समर्पण के लिए सम्मान
फतेहपुर में ऐरायां विकासखंड के शिक्षक आनंद कुमार मिश्र को प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचार, समर्पण और मानवीय सरोकारों के लिए प्रतिष्ठित 'राज्य अध्यापक पुरस्कार' से सम्मानित किया गया है। प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत आनंद मिश्र ने अपने 16 वर्षों के अध्यापन काल में एक उपेक्षित ग्रामीण विद्यालय को मॉडल स्कूल में बदल दिया है। वर्ष 2018 में जब आनंद मिश्र ने मलूकपुर विद्यालय का कार्यभार संभाला था, तब 80 परिवारों वाले इस छोटे से मजरे के स्कूल में केवल 67 विद्यार्थी नामांकित थे। परिषदीय विद्यालयों के प्रति ग्रामीणों का विश्वास बढ़ाने के लिए उन्होंने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने स्वयं के बेटे का दाखिला इसी सरकारी स्कूल में कराया। इस पहल का सकारात्मक प्रभाव तुरंत देखने को मिला। अगले ही शैक्षणिक सत्र में कक्षा एक में 96 नए बच्चों ने प्रवेश लिया। धीरे-धीरे विद्यालय की छात्र संख्या बढ़कर 238 तक पहुंच गई। आसपास के कई गांवों के बच्चे यहां आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने आने लगे, जिससे एक समय प्रवेश प्रक्रिया तक रोकनी पड़ी। शिक्षक आनंद मिश्र ने 1 जनवरी 2019 से विद्यालय में बायोमीट्रिक उपस्थिति लागू की। उन्होंने कक्षा पांच की सामाजिक विज्ञान की पुस्तक 'प्रकृति' के प्रत्येक पाठ को क्यूआर कोड से जोड़ा। कोरोना काल में बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने प्रदेश का पहला बाल कहानी संग्रह 'बोलता बचपन' तैयार कराया, जिसका विमोचन राजभवन में तत्कालीन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया था। इसके अतिरिक्त, आनंद मिश्र ने मानवीय संवेदना की भी मिसाल पेश की। कक्षा पांच की ब्लड कैंसर पीड़ित छात्रा मेघना मुकेश के इलाज के लिए उन्होंने एक मुहिम चलाई। इस मुहिम के तहत सिविल सोसाइटी से 6.5 लाख रुपये और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 2.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराकर सीधे छात्रा के पिता के खाते में भिजवाई गई। शोध और लेखन के क्षेत्र में भी उनकी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान है। ड्रॉपआउट अभिभावकों पर उनके दो शोध पत्र एनसीईआरटी नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित किए गए हैं, जबकि प्राथमिक शिक्षा में उच्चारण शक्ति पर उनका नवाचार अंतरराष्ट्रीय शोध जर्नल 'सेज' में प्रकाशित हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0