कानपुर में दबंगों ने गली में फेंके देशी बम:बिना साइलेंसर बाइक का विरोध करने पर भड़के, जांच में जुटी पुलिस

Jun 21, 2026 - 09:29
 0  0
कानपुर में दबंगों ने गली में फेंके देशी बम:बिना साइलेंसर बाइक का विरोध करने पर भड़के, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकरपुरम के मामा तालाब के पास तेज रफ्तार और बिना साइलेंसर बाइक दौड़ाने का विरोध करना स्थानीय लोगों को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज तीन युवक करीब दो घंटे बाद गली में लौटे और ताबड़तोड़ तीन देशी बम फेंककर दहशत फैला दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से एक जिंदा देशी बम भी बरामद हुआ। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। बाइक के शोर का विरोध करने पर लौटे आरोपी स्थानीय निवासी रोहित सिंह और बबलू के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे तीन युवक बिना साइलेंसर लगी बाइक से तेज रफ्तार में गली के चक्कर लगा रहे थे। बाइक के तेज शोर से परेशान मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद तीनों युवक वहां से चले गए। आरोप है कि करीब दो घंटे बाद वे दोबारा लौटे और गली में ताबड़तोड़ तीन देशी बम फेंक दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बम एक मकान की दीवार के पास गिरा, जबकि अन्य दो सड़क पर फटे। धमाकों की तेज आवाज सुनकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए और स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके से मिला देशी बम सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तलाशी के दौरान एक जिंदा देशी बम बरामद हुआ, जिसे सुरक्षित कब्जे में लेकर निष्क्रिय कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों में एक युवक आवास विकास क्षेत्र और दो युवक अंबेडकरपुरम के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0