विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार:आरोपी के पास से फर्जी वर्क वीजा और अन्य दस्तावेज बरामद
ग्रेटर नोएडा की बिसरख पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी वर्क वीजा और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। थाना बिसरख पुलिस ने खुफिया जानकारी की मदद से इसहाक युनुस पुत्र युनुस उसमान नामक आरोपी को हिंडन नदी पुल के पास, चार मूर्ति से गिरफ्तार किया। आरोपी पर लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने का आरोप है। आरोपी के पास से 50 फर्जी वर्क परमिट एंट्री पास, क्रिटोनिका कंपनी के तीन एग्रीमेंट लेटर, मालदीव के लिए क्रिटोनिका कंपनी के तीन कॉन्ट्रैक्ट लेटर, एक फर्जी आधार कार्ड की फोटोकॉपी,आरोपी का आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक चेकबुक और विभिन्न कंपनियों के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों को कूटरचित वर्क परमिट, एंट्री पास, एग्रीमेंट लेटर और कॉन्ट्रैक्ट लेटर भेजकर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करता था। इस काम के लिए वह प्रति व्यक्ति डेढ़ से दो लाख रुपये लेता था। जो लोग उसके कार्यालय आते थे, उन्हें वह अपना फर्जी नाम 'संतोष' बताता था और इस नाम का एक कूटरचित आधार कार्ड भी बनवा रखा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इसहाक युनुस पुत्र युनुस उसमान, निवासी दोमाला रोड, थाना गंज, जिला रामपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र 38 वर्ष है। फिलहाल पुलिस इसके अन्य अपराधीक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि इसके द्वारा अब तक कितने लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0