ऊंचाहार में 4 साल से गंदा पानी पीने को मजबूर:पाइप लीकेज से सीवर का पानी घरों तक पहुंचा, बीमारी का खतरा

Jan 23, 2026 - 09:38
 0  0
ऊंचाहार में 4 साल से गंदा पानी पीने को मजबूर:पाइप लीकेज से सीवर का पानी घरों तक पहुंचा, बीमारी का खतरा
रायबरेली जिले के ऊंचाहार नगर पंचायत में स्टेशन रोड स्थित जीसस मैरी स्कूल के सामने जलापूर्ति पाइपलाइन में लीकेज के कारण स्थानीय निवासियों को पिछले चार वर्षों से दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस समस्या से महिलाएं और स्कूली बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं। घरों में गंदा पानी आने और सड़क पर गंदगी फैलने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय निवासी परवीन बेगम ने बताया कि इलाके में पानी की निकासी पूरी तरह ठप है और नालियां चोक हो चुकी हैं। उनके अनुसार, सप्लाई का पानी इतना गंदा आ रहा है कि उसे पीकर बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है।सड़क पर फैले कीचड़ और गंदगी के कारण महिलाओं का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। पहले 2 तस्वीरें देखिए... एक अन्य महिला ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। स्कूल जाने वाले बच्चों की माताओं को उनके कपड़ों और स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है।स्थानीय दुकानदार राम गोपाल अग्रवाल ने पुष्टि की कि यह समस्या पिछले 3-4 वर्षों से बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सप्लाई के पानी से इतनी तेज बदबू आती है कि उसका उपयोग करना असंभव है। नल खोलने पर शुरुआती 20 मिनट तक केवल गंदा पानी और कीचड़ निकलता है, जिसके बाद ही थोड़ा साफ पानी मिल पाता है। उन्होंने कई बार प्लंबर और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन लीकेज ठीक नहीं हुआ।वार्ड नंबर 1 के सभासद शैलेश गुप्ता ने स्वीकार किया कि लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को अवगत करा दिया है। सभासद ने आश्वासन दिया है कि लीकेज को जल्द ही ढूंढकर ठीक कराया जाएगा और नालियों की सफाई कराकर लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। स्टेशन रोड एक व्यस्त मार्ग है जहां से हजारों यात्री और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। ऐसे में प्रशासन की लापरवाही से न सिर्फ संक्रमण का खतरा बढ़ा है, बल्कि स्वच्छ भारत अभियान की भी पोल खुल रही है। स्थानीय महिलाएं और निवासी अब जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0