अयोध्या में 4000 घरों पर लगे सोलर प्लांट:तीन किलोवॉट से रोज 12–15 यूनिट बिजली, शहर में सबसे ज्यादा मांग

Jan 23, 2026 - 09:38
 0  0
अयोध्या में 4000 घरों पर लगे सोलर प्लांट:तीन किलोवॉट से रोज 12–15 यूनिट बिजली, शहर में सबसे ज्यादा मांग
बिजली की दरों में बढ़ोतरी और बढ़ती खपत के बीच अब लोग सौर ऊर्जा को विकल्प के तौर पर अपना रहे हैं। बिजली बिल से राहत पाने के लिए अयोध्या में बड़ी संख्या में उपभोक्ता घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगवा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्राण प्रतिष्ठा के बाद शुरू की गई पीएम सूर्य घर योजना ने जिले में सोलर ऊर्जा को लेकर रुझान और तेज कर दिया है। पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के जनवरी और फरवरी माह से जनपद में सोलर संयंत्रों की स्थापना में तेजी आई। अब तक जिले में करीब 4000 घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में 8000 सोलर प्लांट लगाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। सरकार पर्यावरण संरक्षण और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने के लिए सोलर ऊर्जा के इस्तेमाल पर जोर दे रही है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी भी लोगों को सोलर प्लांट लगवाने के लिए प्रेरित कर रही है। जिले में यूपी नेडा से पंजीकृत 22 वेंडरों के माध्यम से सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी और उपायुक्त उद्योग अमरेष पाण्डेय ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत अयोध्या में दो से पांच किलोवॉट क्षमता के लगभग 4000 सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं। चालू वित्तीय वर्ष में आठ हजार सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तीन किलोवॉट के प्लांट से रोज 12–15 यूनिट बिजलीविभागीय अधिकारियों के अनुसार बिजली बिल में कटौती और आर्थिक बोझ कम करने के उद्देश्य से लोग सोलर ऊर्जा की ओर रुख कर रहे हैं। सबसे अधिक सोलर प्लांट नगरीय क्षेत्रों में लगाए जा रहे हैं। अयोध्या महानगर के विभिन्न मोहल्लों में 800 से अधिक उपभोक्ताओं ने एक से तीन किलोवॉट क्षमता के सोलर पैनल लगवाए हैं। सोलर वेंडर सत्यम कुमार के अनुसार अधिकांश लोग तीन किलोवॉट क्षमता के सोलर प्लांट लगवा रहे हैं। इससे प्रतिदिन औसतन 13 से 15 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे घरेलू जरूरतें पूरी होने के साथ बिजली बिल में भी राहत मिल रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0