कार्रवाई:रायपुर एयरपोर्ट पर 25 लाख रुपए की 270 ग्राम कोकीन के साथ नाइजीरियन गिरफ्तार

Jan 29, 2026 - 09:04
 0  0
कार्रवाई:रायपुर एयरपोर्ट पर 25 लाख रुपए की 270 ग्राम कोकीन के साथ नाइजीरियन गिरफ्तार
दिल्ली की फ्लाइट से रायपुर पहुंचे एक नाइजीरियन छात्र को रायपुर (माना) एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान छात्र के सूटकेस से कपड़ों के नीचे एक पैकेट मिला। इसमें 25 लाख रुपए कीमत का 270 ग्राम कोकीन था। इसके बाद डीआरआई की टीम छात्र को अपने साथ ले गई है, जहां उससे पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। डीआरआई यह जांच कर रही है कि छात्र यह कोकीन किसे सप्लाई करने वाला था और उसे किसने ऑर्डर दिया था। मिली जानकारी के अनुसार नाइजीरिया निवासी हेनरी टोकहूक्यू (24) नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी में पिछले तीन साल से बीएसडब्ल्यू का कोर्स कर रहा है। वह नवा रायपुर में ही हॉस्टल में रहता है। कुछ दिन पहले वह अपने घर गया था और वहां से वापस लौट रहा था। उसने दिल्ली से रायपुर के लिए इंडिगो की फ्लाइट ली थी। वह मंगलवार शाम रायपुर पहुंचा। डीआरआई को पुख्ता सूचना मिली थी कि फ्लाइट से ड्रग्स आ रहा है। जैसे ही हेनरी फ्लाइट से उतरकर बाहर आया, डीआरआई ने उसे हिरासत में ले लिया और तलाशी ली। 6 माह में 60 से ज्यादा तस्कर भेजे गए जेल: रायपुर पुलिस ने छह माह पहले इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया था। पुलिस ने कौशिल्या विहार में छापेमारी कर नौ ड्रग्स तस्करों को पकड़ा था। उनके पास से 412 ग्राम 87 मिलीग्राम हेरोइन जब्त की गई थी, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए थी। इसके बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा गया। कुल 60 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 320 लोगों की सूची भी बनाई थी, जो ड्रग्स लेते हैं। रायपुर पुलिस के पास यह सूची होने के बावजूद अब तक उन पर कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप है कि विधायक से लेकर बड़े कारोबारियों के घरों के युवक-युवतियों को छोड़ दिया गया है। नाइजीरियन ने दिल्ली में बसाई कॉलोनियां, जहां से तस्करी : दिल्ली का उत्तम नगर और तिलक नगर एक तरह से नाइजीरियन की कॉलोनी है। यहां टूरिस्ट वीजा और एजुकेशन वीजा पर आए नाइजीरियन रहते हैं। अब वे स्थानीय युवतियों से शादी कर मकान भी खरीदने लगे हैं। ज्यादातर नाइजीरियन ने दिल्ली में रहने वाली नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों से शादी की है। इसी के आड़ में साइबर फ्रॉड और ड्रग्स तस्करी का काम किया जा रहा है। जांच एजेंसियों को शक है कि पकड़ा गया छात्र भी यहीं से ड्रग्स लेकर रायपुर आ रहा था और यहां से देश के अलग-अलग हिस्सों में ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है। दिल्ली एयरपोर्ट की कड़ी सुरक्षा को भेदने में सफल रहा दिल्ली एयरपोर्ट की कड़ी सुरक्षा के बावजूद छात्र वहां से ड्रग्स पार कराने में कामयाब रहा। दिल्ली एयरपोर्ट पर उसके बैग को स्कैन किया गया था, लेकिन सुरक्षा कर्मी उसे पकड़ नहीं पाए। इस तरह स्कैनिंग के बाद सूटकेस फ्लाइट से सीधे रायपुर पहुंच गया। जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि वह ड्रग्स नाइजीरिया से लेकर आया था या दिल्ली से।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0