सोनभद्र में यूपी बोर्ड प्रायोगिक परीक्षा 2 फरवरी से:110 केंद्र बनाए गए, निगरानी के लिए 12 मजिस्ट्रेट तैनात

Jan 23, 2026 - 09:38
 0  0
सोनभद्र में यूपी बोर्ड प्रायोगिक परीक्षा 2 फरवरी से:110 केंद्र बनाए गए, निगरानी के लिए 12 मजिस्ट्रेट तैनात
सोनभद्र में यूपी बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में दूसरे चरण की प्रायोगिक परीक्षाएं 2 फरवरी से शुरू होंगी। इन परीक्षाओं के लिए कुल 110 केंद्र बनाए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए 12 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड द्वारा परीक्षकों की ड्यूटी लगाई जा रही है, वहीं जिला स्तर पर भी तैयारियां जोरों पर हैं। विद्यार्थी प्रायोगिक परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। जिले में कुल 214 माध्यमिक विद्यालय हैं, जिनमें से 110 को प्रायोगिक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। संबंधित केंद्राध्यक्षों को परीक्षा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सेक्टर मजिस्ट्रेट भी औचक निरीक्षण कर परीक्षा की शुचिता बनाए रखेंगे। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को उनके ब्लॉक क्षेत्र में ड्यूटी पर लगाया गया है। साथ ही, दो पशु चिकित्साधिकारियों को भी सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित कर संबंधित विद्यालयों की सूची सौंपी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) जयराम सिंह ने बताया, "जिले के 110 केंद्रों पर प्रायोगिक परीक्षाएं होनी हैं। सभी केंद्रों के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी गई है। परीक्षाएं कड़ी निगरानी और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएंगी।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0