भारत-नेपाल सीमा पर ब्राजीली मक्का की तस्करी, VIDEO:पिकअप, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से बड़ी खेप सीमा पार कराई जा रही
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में तस्करी का कारोबार बेखौफ जारी है। एसएसबी, कस्टम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त गश्त के दावों के बावजूद, पिकअप और अन्य वाहनों के माध्यम से अवैध सामानों की आवाजाही खुलेआम हो रही है। हाल ही में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से कथित ब्राजीली मक्का की तस्करी का एक वीडियो सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, तस्करों ने यूरिया खाद की तस्करी से आगे बढ़कर अपना दायरा बढ़ा लिया है। अब नेपाल के रास्ते भारत में कथित विदेशी मक्का, नेपाली सिगरेट और अन्य सामानों की अवैध ढुलाई की जा रही है। वहीं, भारत से नेपाल की ओर घरेलू उपयोग का सामान, महंगे मोबाइल फोन व उनके पार्ट्स, खाद, कपड़े और चीनी सहित कई वस्तुएं भेजी जा रही हैं। इस अवैध कारोबार से जुड़े लोग प्रत्येक खेप पर मोटी कमाई कर रहे हैं। योजनाबद्ध तरीके से हो रहा काम
सूत्रों के मुताबिक, तस्करी का तरीका पूरी तरह योजनाबद्ध है। दिन के समय कम मात्रा में सामान की आवाजाही होती है ताकि संदेह न हो, जबकि रात के अंधेरे में पिकअप, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से बड़ी खेप सीमा पार कराई जाती है। कोतवाली कपिलवस्तु क्षेत्र के रामनगर, मटियारिया, पोखरभिटवा, गौरी नरखोरिया, अलीगढ़वा और खुनुवा चौकी क्षेत्र के पकड़ीहवा जैसे कई सीमावर्ती गांव तस्करी के प्रमुख ठिकाने बन गए हैं। चार दिन पहले भी सामने आया था वीडियो
चार दिन पहले रामनगर-मटियारिया मार्ग से नेपाल से भारत लाई जा रही कथित विदेशी मक्का का एक पिकअप वाहन में तस्करी का वीडियो सामने आया था। इस वीडियो के सामने आने के बावजूद तस्करी पर कोई प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। यह सवाल उठता है कि जब सीमा पर एसएसबी, कस्टम और पुलिस की लगातार संयुक्त गश्त होती है, तो फिर तस्कर इतनी आसानी से सीमा पार कैसे कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0