ट्रक से डेढ़ करोड़ का प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद:देहरादून से लाई जा रही थी खेप, पटना में डिलीवरी होनी थी; यूपी के ड्राइवर अरेस्ट
भोजपुर जिले में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। डीएम तनय सुल्तानिया के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी और वाहन जांच अभियान के दौरान 2 डी.सी.एम ट्रकों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ है। जिसका बाजार मूल्य करीब 1.50 करोड़ रुपए है। सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली थी कि देहरादून से कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप लाई जा रही है। सूचना के बाद सहायक आयुक्त के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने जिले में वाहन जांच के दौरान दो डीसीएम ट्रकों को रोका। ट्रकों से Codeine Phosphate Triprolidine Hydrochloride Wiscof Cough Syrup (100 ml) की कुल 95,900 बोतलें(9,590 लीटर) बरामद की गईं। इसके साथ UP85ET-6068 और UP32TN-0667 दोनों ट्रकों को जब्त किया गया। साथ ही कफ सिरप ले जा रहे दोनों चालकों को भी गिरफ्तार किया गया है। यूपी निवासी 2 ड्राइवर गिरफ्तार पकड़े गए ड्राइवर की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला के भागात नगरिया निवासी भूरी सिंह के पुत्र योगेश कुमार और फैजाबाद जिला के रानी मऊ निवासी मो.इरशाद के तौर पर है। प्रतिबंधित कफ सिरप देहरादून से पटना लाया जा रहा था। चालकों की गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय को सुपुर्द किया जा रहा है। जिले में लगातार चल रहा है अभियान छापेमारी दल में निरीक्षक प्रकाश चंद्र, निरीक्षक अनिल कुमार, अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक मदन लाल यादव, रवि कुमार, राजकुमार राजा, मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे। विभाग के मुताबिक भोजपुर जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0