प्रतापगढ़ के लीलापुर थाने पर भाजपा नेत्री का हाइवोल्टेज ड्रामा:समर्थकों के साथ धरने पर बैठीं, चोरी की शिकायत करने पहुंची थीं

Aug 26, 2025 - 12:47
 0  0
प्रतापगढ़ के लीलापुर थाने पर भाजपा नेत्री का हाइवोल्टेज ड्रामा:समर्थकों के साथ धरने पर बैठीं, चोरी की शिकायत करने पहुंची थीं
लालगंज के लीलापुर थाना में उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया जब एक तरफ पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए भाजपा नेत्री धरने पर बैठ गईं, तो दूसरी तरफ आरोपित पक्ष भी थाने पहुंचकर हंगामा करने लगा। देखते ही देखते थाने का माहौल गरमा गया और करीब डेढ़ घंटे तक तनाव और अफरातफरी का माहौल बना रहा। नारेबाजी के बीच पुलिसकर्मी हालात को संभालने में पसीने-पसीने हो गए। कैसे शुरू हुआ विवाद? कोड़रा मादूपुर गांव निवासी अनंत बहादुर सिंह ने 21 अगस्त को पुलिस में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने पोते के साथ गांव में 2015 से 2020 तक हुए विकास कार्यों की लोकायुक्त से जांच की मांग की थी। इसी सिलसिले में लोकायुक्त की तीन सदस्यीय टीम गांव पहुंची। जांच से खफा पूर्व प्रधान और उनके समर्थकों ने गाली-गलौज करते हुए उनसे मारपीट की, मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा नेत्री ने धरना देकर दबाव बनाया सोमवार शाम को जब पीड़ित पक्ष की सुनवाई न होते देखी, तो भाजपा नेत्री प्रतिभा सिंह अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचीं। उन्होंने धरना शुरू कर दिया और कहा कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा, तब तक वह नहीं उठेंगी। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक मनोज पांडेय से उनकी तीखी बहस भी हुई। थाने पर पहुंचा आरोपित पक्ष, मचा हंगामा इसी बीच, पूर्व प्रधान पक्ष भी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गया। थाने पर ही शिकायती पत्र देने के बहाने उन्होंने नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। भाजपा नेत्री और आरोपितों के बीच जमकर कहासुनी होने लगी। आरोपित पक्ष के लोग ‘भाजपा नेत्री मुर्दाबाद’ के नारे तक लगाने लगे। हाईवे पर स्थित थाने में भीड़ बढ़ने से सड़क पर भी लोगों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। पुलिस के हाथ-पांव फूल गए अचानक थाने में भीड़ बढ़ने और तनाव गहराने से पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। स्थिति इतनी असहज हो गई कि कुछ समय के लिए पुलिस को समझ नहीं आ रहा था कि किसे काबू करें। प्रभारी निरीक्षक ने हंगामा कर रहे आरोपितों को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ भी कहासुनी हो गई। सीओ के हस्तक्षेप से थमा बवाल करीब डेढ़ घंटे चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद सीओ लालगंज आशुतोष मिश्र थाने पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर शांति बहाल कराई। भाजपा नेत्री को भरोसा दिलाया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होगा। इसके बाद पुलिस ने अनंत बहादुर की तहरीर पर चार आरोपितों के खिलाफ मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया। विपक्षी 21 लोगों पर भी केस दर्ज इधर, हंगामा करने और थाने की कार्यवाही में बाधा डालने पर पुलिस ने उपनिरीक्षक हरेंद्र की तहरीर पर विपक्षी पक्ष के 21 लोगों के खिलाफ लोक सेवक कार्य में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सीओ आशुतोष मिश्र ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0