डिप्टी सीएम पर टिप्पणी से भाजपा नाराज:जालौन के कोंच में सपा का पुतला फूंका, जातिवादी राजनीति का विरोध
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के डीएनए पर की गई टिप्पणी और भारतीय सेना के विंग कमांडर की जाति सार्वजनिक रूप से बताने को लेकर समाजवादी पार्टी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और ब्राह्मण समाज में तीखा आक्रोश देखा गया। इसी के विरोध में सोमवार को जालौन के कोंच नगर में भाजपा नेताओं ने समाजवादी पार्टी का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। कोंच नगर के उरई रोड स्थित मारकंडेश्वर तिराहे पर भाजपा कार्यकर्ता और ब्राह्मण समाज से जुड़े प्रतिनिधियों ने एकत्र होकर सपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 'समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद', 'जातिवाद की राजनीति नहीं चलेगी', 'ब्राह्मण समाज और नारी समाज का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान' जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। इस पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने संयुक्त रूप से किया। वक्ताओं ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा के नेता अब हदें पार कर रहे हैं। भारतीय सेना के वीर जवानों और देश के उपमुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्तियों की जाति पर सवाल उठाना न सिर्फ असंवेदनशील है, बल्कि देश की एकता के खिलाफ भी है। भाजपा नेताओं ने कहा कि सपा की जातिवादी मानसिकता अब खुलकर सामने आ चुकी है। समाज को बांटने और राजनीतिक लाभ के लिए समाजवादी पार्टी जानबूझकर ऐसे बयान दे रही है, जिससे जनता में भ्रम और विभाजन फैलाया जा सके। यही कारण है कि प्रदेश की जनता अब सपा को पूरी तरह नकार चुकी है और उसका लगातार राजनीतिक पतन हो रहा है। पुतला दहन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की जातिगत टिप्पणी जारी रही, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0