बिधनू में अवैध नमकीन फैक्ट्री से निकल रहा जहरीला धुआं:SSB जवान की मां-पत्नी और बच्चे बीमार, स्थानीय लोगों ने की शिकायत

May 17, 2025 - 16:07
 0  0
बिधनू में अवैध नमकीन फैक्ट्री से निकल रहा जहरीला धुआं:SSB जवान की मां-पत्नी और बच्चे बीमार, स्थानीय लोगों ने की शिकायत
कानपुर के बिधनू कस्बे में बड़ौदा ग्रामीण बैंक के पीछे चल रही एक अवैध नमकीन फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और दुर्गंध ने स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। खेरसा गांव के रहने वाले और उत्तराखंड में तैनात SSB जवान जितेंद्र दीक्षित ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। जितेंद्र ने बताया कि अनूप दुबे द्वारा संचालित इस फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषण के कारण उनकी मां श्वास और हृदय रोग से पीड़ित हैं। उनकी पत्नी और बच्चे भी लगातार बीमार पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फैक्ट्री के पास न तो वैध लाइसेंस है और न ही प्रदूषण नियंत्रण की अनुमति है। आसपास के निवासियों ने कई बार मौखिक शिकायतें की हैं। लेकिन फैक्ट्री का संचालन जारी है। जितेंद्र ने अपनी शिकायत में मांग की है कि फैक्ट्री को आवासीय क्षेत्र से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0