धनतेरस पर संतकबीरनगर में 200 करोड़ से ज्यादा का कारोबार:85 करोड़ के सोने-चांदी के आभूषण बिके, बर्तन बाजार में 40 करोड़ का कारोबार

Nov 7, 2026 - 10:20
 0  0
धनतेरस पर संतकबीरनगर में 200 करोड़ से ज्यादा का कारोबार:85 करोड़ के सोने-चांदी के आभूषण बिके, बर्तन बाजार में 40 करोड़ का कारोबार
संतकबीरनगर में शुक्रवार को धनतेरस पर बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। कारोबारियों के मुताबिक, जिले में 200 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हुआ। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर ऑटोमोबाइल, बर्तन, मोबाइल और घरेलू सामान की खूब बिक्री हुई। झाड़ू कारोबारियों के अनुसार, जिले में दो करोड़ रुपए से अधिक के झाड़ू बिके। लोगों ने शुभ मुहूर्त में खरीदारी की। बुलेट समेत तेज रफ्तार वाली बाइकें भी ग्राहकों की पसंद बनीं। कारोबारियों ने धनतेरस से एक दिन पहले ही दुकानों को सजा लिया था। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के ऑफर भी दिए गए। शुक्रवार सुबह 10 बजे से बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी। खलीलाबाद में शाम 4 बजे के बाद जाम की स्थिति बन गई। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने वाहनों को गोला बाजार की ओर जाने से रोका। प्रशासन ने चार पहिया वाहनों के शहर में प्रवेश पर भी रोक लगा दी। रात 12 बजे तक गोला बाजार समेत प्रमुख बाजारों में खरीदारी होती रही। सराफा बाजार में 85 करोड़ का कारोबार धनतेरस पर जिले के सराफा बाजार में करीब 85 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। कारोबारियों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार महंगाई का असर दिखा, लेकिन बिक्री में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। ग्राहकों ने महंगे आभूषणों के बजाय चांदी के सिक्कों और अन्य सामानों को ज्यादा पसंद किया। सोने के आभूषणों की बिक्री भी अच्छी रही। इस बार 18 कैरेट और हॉलमार्क वाली ज्वेलरी ग्राहकों की पहली पसंद रही। सराफा कारोबारी संतोष वर्मा ने बताया कि लोगों ने चांदी के सिक्कों की ज्यादा खरीदारी की। इसके अलावा सोने के हार, कान की रिंग, अंगूठी और चेन की भी अच्छी बिक्री हुई। हालांकि, अधिक वजन वाले आभूषण कम बिके। कुछ ग्राहकों ने हीरे के आभूषण भी खरीदे। कई लोगों ने पहले से ही आभूषणों के ऑर्डर दे रखे थे। कल्याण ज्वेलर्स और एस्प्रा ज्वेलर्स जैसे ब्रांडेड शोरूम में भी ग्राहकों की भीड़ रही। मोबाइल बाजार में 6 करोड़ की बिक्री का अनुमान धनतेरस पर मोबाइल कारोबार में भी तेजी रही। कारोबारियों के मुताबिक, जिले में करीब छह करोड़ रुपए के मोबाइल बिकने का अनुमान है। ग्राहकों ने आईफोन के साथ फोल्डिंग फोन भी खरीदे। मोबाइल शोरूम पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। बर्तन बाजार में 40 करोड़ का कारोबार जिले में बर्तनों की करीब 380 दुकानें हैं। मुख्यालय की बड़ी दुकानों पर देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। कारोबारियों के मुताबिक, महंगाई के बावजूद लोगों ने रोजमर्रा की जरूरत के बर्तनों की जमकर खरीदारी की। जिले में करीब 40 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। बर्तन कारोबारी अवधेश ने बताया कि इस बार बाजार का ट्रेंड बदला हुआ रहा। ग्राहकों ने अपनी जरूरत के हिसाब से खरीदारी की। स्टील और अन्य घरेलू उपयोग के बर्तनों की मांग बनी रही। हार्डवेयर और फर्नीचर बाजार में भी रौनक धनतेरस पर हार्डवेयर की दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने बेड, सोफा और अन्य जरूरी घरेलू सामान खरीदे। कारोबारियों ने इस बाजार में भी करीब 10 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान जताया है। दो करोड़ से ज्यादा के झाड़ू बिके धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा का असर भी बाजार में दिखाई दिया। झाड़ू कारोबारियों के मुताबिक, जिले में दो करोड़ रुपए से अधिक के झाड़ू बिके। लोगों ने घरों और दुकानों के लिए अलग-अलग तरह के झाड़ू खरीदे। वहीं, ऑटोमोबाइल बाजार में भी खूब रौनक रही। ग्राहकों ने शुभ मुहूर्त में बाइक और स्कूटी की डिलीवरी ली। बुलेट समेत महंगी और तेज रफ्तार वाली बाइकों की भी अच्छी मांग रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0