कोर्ट में पेश हुए कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह:वारंट जारी होने के बाद दिया रिकॉल आवेदन, 31 अगस्त को अगली सुनवाई

Aug 28, 2026 - 11:11
 0  0
कोर्ट में पेश हुए कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह:वारंट जारी होने के बाद दिया रिकॉल आवेदन, 31 अगस्त को अगली सुनवाई
गोंडा के कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह चुनावी आचार संहिता उल्लंघन के मामले में गुरुवार दोपहर 3 बजे गोंडा न्यायालय में पेश हुए। यह मामला लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ा है। सांसद ने अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी/एमपी-एमएलए विशेष मजिस्ट्रेट अंशुमान धुन्ना की अदालत में अपने अधिवक्ता के माध्यम से वारंट रिकॉल की अर्जी दाखिल की। अदालत ने उनके प्रार्थनापत्र को स्वीकार करते हुए जारी वारंट को निरस्त कर दिया। मामले की अगली सुनवाई 31 अगस्त को तय की गई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मामले के विचारण के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत सांसद के बयान दर्ज होने थे। निर्धारित तिथि पर अदालत में उपस्थित न होने के कारण विशेष अदालत ने करण भूषण सिंह के खिलाफ वारंट जारी किया था। इसके बाद सांसद गुरुवार को कोर्ट पहुंचे और हाजिरी लगाकर वारंट रिकॉल की प्रक्रिया पूरी की। यह मामला 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान का है। उड़नदस्ता टीम के प्रभारी डॉ. सुमित कुमार की तहरीर पर गोंडा के तरबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। भाजपा सांसद करण भूषण सिंह पर आरोप है कि उन्होंने प्रत्याशी के तौर पर चुनाव आयोग की अनुमति के बिना 50 से अधिक गाड़ियों का काफिला निकाला था। काफिले के दौरान आचार संहिता के नियमों की अनदेखी करते हुए आतिशबाजी और शक्ति प्रदर्शन किया गया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। वारंट रिकॉल होने से सांसद को तात्कालिक राहत मिली है, लेकिन 31 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई पर अदालत की नजर उनके बयान और कानूनी प्रक्रिया पर रहेगी। सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि वे न्यायालय का पूरी तरह सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि किन्हीं कारणों से वे पिछली सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पाए थे, जिसके चलते उन्हें कोर्ट जाना पड़ा और वारंट रिकॉल प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब भी कोर्ट द्वारा बुलाया जाएगा, वे उपस्थित रहेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0