अलीगंज अग्निकांड मामले में इंजीनियरों को बर्खास्त करने की तैयारी:शासन ने LDA वीसी से मांगा सर्विस रिकॉर्ड
लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के मामले में अब कार्रवाई का दायरा और बढ़ने जा रहा है। शुरुआती जांच में जिम्मेदार पाए गए एलडीए के इंजीनियरों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने एलडीए से संबंधित अभियंताओं का पूरा सेवा रिकॉर्ड, नियुक्ति से लेकर तैनाती और सेवानिवृत्ति तक का विवरण तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है। विभाग के अनु सचिव राम निहोर ने एलडीए उपाध्यक्ष को भेजे पत्र में विभागीय कार्रवाई की वर्तमान स्थिति भी मांगी है। शासन ने केवल कार्यरत ही नहीं, बल्कि सेवानिवृत्त अभियंताओं का भी पूरा ब्योरा तलब किया है। जिन अधिकारियों की रिपोर्ट मांगी गई है, उनमें तत्कालीन सहायक अभियंता अनिल कुमार, अवर अभियंता रवीन्द्र श्रीवास्तव, प्रमोद पाण्डेय, शिवानन्द शुक्ला, हेमन्त कुमार और अम्बरीश कुमार शर्मा शामिल हैं। अनिल कुमार और प्रमोद पाण्डेय पहले ही निलंबित किए जा चुके हैं। 25 जुलाई के बाद एलडीए खुद गिराएगा इमारत अग्निकांड वाली इमारत के ध्वस्तीकरण की रफ्तार बेहद धीमी है। भवन स्वामी के जिम्मा सौंपे गए काम में अब तक करीब 10% हिस्सा ही तोड़ा जा सका है। एलडीए ने 25 जुलाई तक का समय दिया है। तय समय में काम पूरा नहीं होने पर प्राधिकरण खुद बुलडोजर चलाकर इमारत ध्वस्त करेगा। अन्य विभागों की जिम्मेदारी तय होने का इंतजार हादसे के बाद एलडीए के कई अधिकारियों और अभियंताओं पर कार्रवाई हुई है, लेकिन विद्युत सुरक्षा विभाग, पावर कॉरपोरेशन और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही अभी तय नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा और भवन की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर सामने आएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0