चंदौली हाइवे पर सड़क हादसा:खड़े डंपर से टकराया तेज रफ्तार ट्रक, डेढ़ घंटे बाद निकाला गया चालक

Jul 14, 2026 - 09:50
 0  0
चंदौली हाइवे पर सड़क हादसा:खड़े डंपर से टकराया तेज रफ्तार ट्रक, डेढ़ घंटे बाद निकाला गया चालक
चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में जगदीशसराय गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार भोर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े डंपर ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को बचाने का प्रयास शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है। इस हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बावजूद क्रेन करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम भी बिना आवश्यक उपकरणों के पहुंची, जिससे बचाव कार्य में काफी देरी हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण ही चालक को बाहर निकाला जा सका। घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। स्थानीय लोगों ने NHAI की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए हाईवे पर हर समय आपातकालीन बचाव व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने इस मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है। सदर कोतवाल बीके पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायल चालक की पहचान और वाहन से संबंधित अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0