संभल में 42 डिग्री पारा, AQI 161 पहुंचा:मानसून में देरी से भीषण गर्मी जारी, लोगों को राहत का इंतजार

Jun 27, 2026 - 09:20
 0  0
संभल में 42 डिग्री पारा, AQI 161 पहुंचा:मानसून में देरी से भीषण गर्मी जारी, लोगों को राहत का इंतजार
संभल में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि सुबह 9 बजे 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 161 पर पहुंच गया है। तेज धूप के साथ 10-12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं। पिछले 20 दिनों से लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। मानसून की दस्तक में अभी दो दिन की देरी है। जून महीने में अब तक 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर में बादल छाए रह सकते हैं। रात को आंशिक रूप से बादल छाने के साथ बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। हालांकि, मौसम विभाग पिछले आठ दिनों से लगातार मौसम में बदलाव और तीन दिनों से बारिश की भविष्यवाणी कर रहा है, लेकिन अभी तक ऐसा होता नहीं दिख रहा है। जून की शुरुआत में मौसम सुहावना था और आंधी-बारिश के कारण तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन अब अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। 18-19 जून के आसपास मानसून की दस्तक के अलर्ट के बाद किसानों ने धान की बुवाई की तैयारी कर ली थी। मानसून में देरी के बावजूद किसानों ने धान की बुवाई शुरू कर दी है। इस साल लगातार हुई बारिश के कारण किसानों की काफी फसल खराब हुई थी। स्थानीय निवासी विक्की कुमार ने बताया कि सभी को बारिश का इंतजार है, ताकि लगातार पड़ रही गर्मी से थोड़ी राहत मिल सके। दोपहर में लोग दो से तीन घंटे तक सड़कों पर निकलने से बच रहे हैं, जिससे बाजारों में भी सुबह और शाम को ही खरीदारी हो रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0