योग की मुद्राओं से दिया स्वस्थ जीवन का मंत्र:सहारनपुर में स्टेडियम से लेकर मदरसों तक हुआ सामूहिक योगाभ्यास
सहारनपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को सहारनपुर योगमय नजर आया। जिले के प्रमुख स्थलों डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, रिजर्व पुलिस लाइन मैदान के साथ-साथ विभिन्न शिक्षण संस्थानों और मदरसों में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, स्कूली बच्चों, मदरसा छात्रों और आम नागरिकों सहित हजारों लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पद्मश्री योग गुरु भारत भूषण ने उपस्थित लोगों को योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन तथा सूर्य नमस्कार जैसी महत्वपूर्ण योग मुद्राओं का प्रदर्शन करते हुए उनके लाभ बताए। योग गुरु ने कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को निरोग रखने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करता है और व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। योग सत्र के दौरान अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया। योग गुरु ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बढ़ते तनाव और बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग के लिए निकालने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, महापौर डॉ. अजय सिंह, सपा एमएलसी शाहनवाज खान, भाजपा नगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, जिलाधिकारी अरविंद चौहान, मुख्य विकास अधिकारी सुमित महाजन समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने योगाभ्यास में भाग लेते हुए लोगों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। वहीं रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में योग गुरु धीरेन्द्र बंसल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाईं। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से नियमित योग अपनाकर तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन जीने का आह्वान किया। योग दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और मदरसों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। मदरसा छात्रों ने शिक्षकों के साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और फिटनेस के महत्व को समझा। प्रशासन की ओर से योग को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे जिलेभर में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0