इटारसी के वर्धमान कॉलेज की अनियमितता की जांचने कमेटी गठित:अभाविप ने एक ही कैंपस में स्कूल-कॉलेज और पार्किंग नहीं होने की शिकायत

Jun 19, 2026 - 21:49
 0  0
इटारसी के वर्धमान कॉलेज की अनियमितता की जांचने कमेटी गठित:अभाविप ने एक ही कैंपस में स्कूल-कॉलेज और पार्किंग नहीं होने की शिकायत
नर्मदापुरम के इटारसी स्थित वर्धमान बीएड कॉलेज एवं स्कूल में कथित अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग, बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी और कलेक्टर के नाम दोपहर 3 बजे ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के करीब दो घंटे बाद बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. एसबी सिंह ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल गठित कर दिया। अभाविप के विभाग संयोजक मृदुल नाथ चौहान ने बताया कि जिले में निजी महाविद्यालयों की मनमानी लगातार सामने आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इटारसी के वर्धमान महाविद्यालय एवं स्कूल में कई प्रकार की अनियमितताएं हैं। बीएड और आईटीआई कोर्स में प्रशासनिक नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही कैंपस में स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा संस्थान संचालित किए जा रहे हैं। दो-दो कमरों में आईटीआई, बीएड और स्कूल का संचालन किया जा रहा है। साथ ही परिसर के बाहर पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे सड़क पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। अभाविप ने यह भी आरोप लगाया कि बीएड के विद्यार्थी नियमित रूप से कैंपस नहीं आते और केवल परीक्षा देकर डिग्री प्राप्त कर लेते हैं। परिषद का कहना है कि संस्थान मनमाने तरीके से फीस बढ़ाकर प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन कर रहा है। इन मुद्दों को लेकर विद्यार्थी परिषद ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। यह ज्ञापन अतिरिक्त तहसीलदार शक्ति सिंह राठौर को सौंपा गया। इस दौरान विभाग संयोजक मृदुल नाथ चौहान, नगर मंत्री दिव्यांश शर्मा, कुनाल सराठे, यशवंत दुबे, रौनक सोलंकी, आर्यन तिवारी, विवेक पटेल, यशवंत वर्मा, दिव्यांश दुबे और मयंक मीणा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. एसबी सिंह द्वारा गठित जांच दल में प्रोफेसर विपिन व्यास, डॉ. अभिलाषा भावसार और डॉ. एसके मल्होत्रा को शामिल किया गया है। यह टीम अभाविप द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0