रायबरेली में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया:सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग की

Apr 27, 2026 - 15:34
 0  0
रायबरेली में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया:सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग की
रायबरेली के महाराजगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3, गांधीनगर के निवासियों ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। दीन दयाल योजना के तहत 15.10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क में कथित धांधली को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जसंवत्री गेट से हरीश श्रीवास्तव के मकान तक लगभग 70 मीटर की सीसी रोड (कवर्ड नाली सहित) का निर्माण होना था। 7 अप्रैल की रात ठेकेदार ने जेई की अनुपस्थिति में मिट्टी के ऊपर ही मात्र दो इंच का सीमेंट-मौरंग का मसाला डालकर काम पूरा कर दिया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, 8 अप्रैल को विरोध करने पर ईओ महाराजगंज, जेई ब्रजनेश और ठेकेदार विनय सिंह ने मौके पर पहुंचकर 4 दिन में सड़क को मानक के अनुसार दोबारा बनाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, यह काम शुरू नहीं हुआ। इसके बाद 14 अप्रैल को महाराजगंज चेयरमैन सरला साहू के प्रतिनिधि प्रभात साहू ने भी मोहल्ले वालों को 7 दिन के भीतर सड़क दुरुस्त करने का वादा किया था। शिकायतकर्ता सभासद राजकुमारी (वार्ड नं. 3) और सभासद उषा देवी (वार्ड नं. 4) सहित दर्जनों मोहल्ला वासियों का कहना है कि 10 दिन से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीण आज भी उसी आधी-अधूरी और गुणवत्ता विहीन सड़क पर चलने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने सरकारी धन के दुरुपयोग का संज्ञान लेते हुए मानक के अनुरूप सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0