जयपुर- सड़कों पर गंदगी देख भड़के कमिश्नर, खुद कचरा उठाया:आधी रात शहर में 10KM पैदल निरीक्षण, लोगों से सफाई को लेकर फीडबैक भी लिया

Apr 11, 2026 - 09:38
 0  0
जयपुर- सड़कों पर गंदगी देख भड़के कमिश्नर, खुद कचरा उठाया:आधी रात शहर में 10KM पैदल निरीक्षण, लोगों से सफाई को लेकर फीडबैक भी लिया
जयपुर नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने पद संभालने के बाद एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार देर रात उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया और करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर हालात का जायजा लिया। इस दौरान जहां-जहां गंदगी मिली, वहां अधिकारियों को फटकार लगाई गई, वहीं कई जगह खुद कचरा भी उठाया। कमिश्नर कसेरा ने रात करीब सवा 11 बजे न्यू गेट से निरीक्षण शुरू किया। यहां से वे पैदल ही चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया, बड़ी चौपड़, सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट होते हुए रामगढ़ मोड़ और जल महल तक पहुंचे। इसके बाद वापस बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार और बापू बाजार होते हुए देर रात करीब डेढ़ बजे फिर न्यू गेट लौटे। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, बल्कि आमजन से भी फीडबैक लिया। कई जगह गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर कमिश्नर हुए नाराज निरीक्षण के दौरान कई जगह गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर कमिश्नर ने सख्त नाराजगी जताई। चौड़ा रास्ता में गंदगी मिलने पर संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई गई, वहीं बड़ी चौपड़ पर डिवाइडर में जमा कचरे को तुरंत साफ करने के निर्देश दिए। चांदी की टकसाल क्षेत्र में नाला सफाई का मलबा पड़ा मिलने पर अधिकारियों को 24 घंटे में सफाई के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने परकोटे के प्रमुख बाजारों में अवैध केबल हटाने के भी आदेश दिए। साथ ही, कचरा फैलाने वालों और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूलने के आदेश भी दिए। स्मार्ट टॉयलेट की खराब स्थिति को लेकर जताई चिंता दौरे के दौरान कसेरा ने टाउन हॉल के बाहर लगे स्मार्ट टॉयलेट की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए उसे हटाने के निर्देश दिए। वहीं जल महल पाल पर बंद पड़े पब्लिक टॉयलेट को लेकर भी नाराजगी जाहिर की गई और जल्द सुधार के निर्देश दिए गए। यहां भी कमिश्नर ने खुद कचरा उठाकर डस्टबिन में डालते हुए सफाई का संदेश दिया। जौहरी बाजार और बापू बाजार में बेहतर सफाई व्यवस्था जौहरी बाजार और बापू बाजार में बेहतर सफाई व्यवस्था मिलने पर निगम कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित किया गया। कमिश्नर कसेरा ने कहा कि जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाना प्राथमिकता है और इसे देश ही नहीं, दुनिया के शीर्ष शहरों में शामिल करना लक्ष्य है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0