कर्ज से परेशान शख्स ट्रेन के आगे कूदा, VIDEO:इनकम टैक्स से 1.80 करोड़ का नोटिस मिला था; परिजन बोले- कर्जदार धमकी दे रहे थे

Apr 4, 2026 - 08:25
 0  0
कर्ज से परेशान शख्स ट्रेन के आगे कूदा, VIDEO:इनकम टैक्स से 1.80 करोड़ का नोटिस मिला था; परिजन बोले- कर्जदार धमकी दे रहे थे
आरा-दानापुर रेलखंड पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कर्ज से परेशान एक व्यक्ति ने आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर कोटा–पटना एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, लेकिन तब तक इंजन में फंसकर करीब दो मीटर तक घसीटता चला गया। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घायल की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के पीरो गांव वार्ड संख्या 10 निवासी विजय कुमार गुप्ता(54) के रूप में हुई है। विजय गुप्ता प्लेटफॉर्म पर खड़े दिखते हैं और ट्रेन आते ही अचानक पटरी पर कूदकर लेट जाते हैं। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे और तुरंत मदद के लिए आगे नहीं आए। आरपीएफ जवानों ने लोगों की मदद से निकाला बाहर घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों और अन्य लोगों की मदद से घायल को इंजन से बाहर निकाला गया। तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया, हालांकि परिजनों ने उसे शहर के महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक लंबे समय से कर्ज के बोझ से परेशान थे। करीब 20 वर्ष पहले उनकी विदेशी शराब की दुकान थी, लेकिन बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद उनका व्यवसाय प्रभावित हो गया। इसके बाद वे झारखंड के डाल्टेनगंज में साझेदारी में काम कर रहे थे। इनकम टैक्स का नोटिस मिला था घायल के साला विद्या भूषण कुमार ने बताया कि एक महीने पहले इनकम टैक्स से एक करोड़ 80 लाख का नोटिस आया था। तब से मेरे बहनोई काफी डिप्रेशन में थे। शराबबंदी के बाद वो डाल्टेनगंज में अन्य लोगों के साथ शराब ठेके पर पार्टनरी में काम शुरू किया था। उसी दौरान एक व्यक्ति से मुर्गी फॉर्म खोलने के लिए पांच लाख रुपए कर्ज लिए थे। काम सक्सेस नहीं किया और कुछ महीनों में बंद करना पड़ा। कर्जदार का लगातर पैसे के लिए फोन आता था। उसके बाद जीजा ने जहां काम करते थे वहां के पार्टनर से पांच लाख रुपए कर्ज लेकर दूसरे कर्जदार को दे दिया था। लेकिन इनके पास पैसे नहीं होने से बराबर कर्ज देने वाले लोगों की धमकी मिलती थी। दो दिन पहले भी पैसा नहीं देने को लेकर अंजाम भुगतने की बात कही गई थी। तब से जीजा जी काफी परेशान रहते थे। शुक्रवार की सुबह से घर से किसी बहाने से निकले थे। अस्पताल से मुझे फोन आया कि ऐसे घटना हुई है। किसी यात्री ने बचाने की कोशिश नहीं की वहीं, बचाने वाले युवक साहिल ने बताया कि ट्रेन के आगे कूदने वाले अधेड़ को कोई भी यात्रियों ने बचाने की कोशिश नहीं किया। हमलोग लावारिस शवों को उठाने का काम करते हैं। जैसे ही नजर पड़ी, दौड़कर पुलिस की मदद से जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद परिजनों को सूचना दी गई ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0