बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा की जन आक्रोश रथ यात्रा ललितपुर पहुंची:पृथक राज्य की मांग पर मशाल प्रदर्शन, 16 फरवरी से 13 मार्च तक यात्रा
बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा की जन आक्रोश रथ यात्रा सोमवार रात ललितपुर पहुंची। पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर घंटाघर प्रांगण में मशाल जलाकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण का संघर्ष अब निर्णायक होगा। मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय ने बताया कि यह जन आक्रोश रथ यात्रा 16 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक अखंड बुंदेलखंड में निकाली जा रही है। यह यात्रा वनवासी राम (चित्रकूट) से रामराजा सरकार (ओरछा धाम) तक चलेगी। यात्रा 16 फरवरी को चित्रकूट में कामतानाथ मंदिर से शुरू होकर बांदा, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़ होते हुए सोमवार को ललितपुर जिले में प्रवेश किया। यात्रा को कई गांवों में लोगों का भारी समर्थन मिला, जहां राज्य नहीं बनने को लेकर आक्रोश स्पष्ट दिखा। यात्रा के दौरान गांवों में पर्चे वितरित किए गए। ललितपुर की कचहरी में अधिवक्ताओं के साथ जनसंपर्क किया गया, जहां अधिवक्ताओं ने राज्य निर्माण का समर्थन किया और इसके लाभ बताए। इस दौरान "बुंदेलखंड तो लेंगे लेंगे, जैसे दोगे वैसे लेंगे" और "यूपी-एमपी तोड़ दो, बुंदेलखंड को जोड़ दो" जैसे नारे लगाए गए। मोर्चा ने चेतावनी दी कि जो जनप्रतिनिधि निजी स्वार्थ के लिए राज्य निर्माण से दूरी बना रहे हैं, उन्हें जनता की अदालत में परास्त किया जाएगा। यात्रा के माध्यम से एक लाख संघर्षशील योद्धाओं को हर गांव और मजरे से जोड़ा जाएगा, साथ ही मौन धारण किए नेताओं को सदन में जाने से रोका जाएगा। इस दौरान बुंदेलखंड विकास सेना के प्रमुख हरीश कपूर टीटू ने भी सभा को संबोधित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0