अलीगढ़ में आज 700 जोड़ों का सामूहिक विवाह:100 पुरोहित व 4 मौलवी तालानगरी के खेल मैदान में कराएंगे शादी और निकाह
अलीगढ़ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को अलीगढ़ के तालानगरी स्थित खेल मैदान में सामूहिक विवाह समारोह हाेने जा रहा है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। समारोह स्थल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई है। कार्यक्रम में 700 जोड़े एक साथ विवाह और निकाह के बंधन में बंधेंगे। हैंगर पांडाल के नीचे होगा आयोजन गुरुवार को जिलाधिकारी संजीव रंजन ने नोडल अधिकारियों और विभागीय अफसरों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। डीएम ने बताया कि इस बार कार्यक्रम जर्मन हैंगर पांडाल के नीचे संपन्न कराया जाएगा, ताकि मौसम की अनिश्चितता का आयोजन पर कोई असर न पड़े। पांडाल को सेक्टरों में बांटकर बैठने, मंच, वैवाहिक रस्मों और भोजन की अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। वधुओं के खाते में सीधे भेजी जाएगी सहायता राशि जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक वधु के खाते में एक लाख रुपए की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। यह राशि विवाह उपरांत नवविवाहिताओं के आर्थिक सशक्तिकरण में सहायक होगी। इसके अलावा नवदंपती को घरेलू जरूरतों से जुड़ी सामग्री भी प्रदान की जाएगी। सुरक्षा से लेकर स्वच्छता तक पर खास जोर डीएम ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंडाल, भोजन, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, सुरक्षा और अतिथि सत्कार की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी, वहीं चिकित्सा विभाग की टीमें और एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद रहेंगी। बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद मिलेगा प्रवेश मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी जोड़ों का बायोमीट्रिक सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम 30 जोड़ों का सत्यापन करेगी। सत्यापन के बाद ही जोड़ों को पंडाल में प्रवेश दिया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक ने बताया कि सत्यापन पूर्ण होने के बाद जोड़ों को निर्धारित स्थान पर बैठाया जाएगा। विवाह और निकाह की रस्मों के बाद सभी नवदंपती और उनके परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। 100 पुरोहित और 4 मौलवी कराएंगे विवाह कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं का भी ध्यान रखा गया है। हिंदू जोड़ों के विवाह के लिए 100 पुरोहित और मुस्लिम जोड़ों के निकाह के लिए चार मौलवी नियुक्त किए गए हैं, जो अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराएंगे। नवदंपती को मिलेंगी 24 प्रकार की घरेलू सामग्री प्रत्येक जोड़े को विवाह उपहार के रूप में 24 प्रकार की घरेलू उपयोग की सामग्री दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0