15 फीट लंबा अजगर खेत में दिखने से मचा हड़कंप:सीतापुर में ग्रामीणों ने देखा, शोर सुनकर नदी में उतरा

Jan 23, 2026 - 09:38
 0  0
15 फीट लंबा अजगर खेत में दिखने से मचा हड़कंप:सीतापुर में ग्रामीणों ने देखा, शोर सुनकर नदी में उतरा
सीतापुर के सकरन थाना क्षेत्र के सुमरावा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पूरब स्थित चौका नदी के किनारे एक खेत में करीब 15 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखकर खेत में काम कर रहे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुछ देर बाद अजगर खेत से निकलकर पास ही बह रही चौका नदी में चला गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी है। जानकारी के अनुसार सुमरावा गांव निवासी शिवकुमार का खेत चौका नदी के किनारे स्थित है। उन्होंने अपने खेत में केले और धनिया की फसल बो रखी है। गुरुवार शाम को शिवकुमार खेत की निराई-गुड़ाई करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में मौजूद एक विशाल अजगर पर पड़ी। अजगर को देखते ही शिवकुमार घबरा गए और पास के खेत में काम कर रहे कमलेश कुमार, राकेश कुमार, सर्वेश कुमार और राजकुमार को आवाज देकर बुला लिया। ग्रामीणों के एकत्र होने और शोर-शराबा होने पर अजगर खेत से निकलकर सीधे चौका नदी की ओर चला गया। अजगर के नदी में चले जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी किनारे खेत होने के कारण भविष्य में भी इस तरह की घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे खेतों में काम करना जोखिम भरा हो सकता है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग को अवगत कराया गया। इस संबंध में डिप्टी रेंजर शैलेश कुमार ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन सूचना मिलने पर टीम भेजकर मौके की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में अजगर की मौजूदगी की पुष्टि होती है तो आवश्यक कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0