जालौन में महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा की चौथी पेशी:इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय हत्या केस में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई, 47 दिन से न्यायिक हिरासत में

Jan 23, 2026 - 09:38
 0  0
जालौन में महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा की चौथी पेशी:इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय हत्या केस में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई, 47 दिन से न्यायिक हिरासत में
जालौन के कुठौंद थाने में तैनात रहे इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की हत्या मामले में शुक्रवार को अहम सुनवाई होने जा रही है। इस प्रकरण में 47 दिनों से जिला कारागार उरई में बंद महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया जाएगा। यह मीनाक्षी शर्मा की इस मामले में चौथी पेशी होगी। इससे पहले 19 दिसंबर, 1 जनवरी और 13 जनवरी को भी महिला सिपाही की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई जा चुकी है। मीनाक्षी शर्मा 7 दिसंबर से न्यायिक हिरासत में है और लगातार न्यायालय की निगरानी में मामला आगे बढ़ रहा है। 5 दिसंबर की रात कुठौंद थाने के सरकारी आवास में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की उनकी सर्विस पिस्टल से गोली लगने से मौत हो गई थी। इसे हत्या मानते हुए इंस्पेक्टर की पत्नी माया राय ने महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 दिसंबर को मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार उरई भेज दिया। घटना के समय की स्थिति पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाली रात इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय अपने सरकारी आवास में मौजूद थे और उसी दौरान महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा भी कमरे में थी। अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद मीनाक्षी शर्मा चीखते हुए कमरे से बाहर निकली। उनकी गतिविधियां थाने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं, जिन्हें जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। एसआईटी जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट इस पूरे मामले की जांच विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही है। विवेचक एवं कुठौंद थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय पाठक ने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच चल रही है। हालांकि गन पाउडर की रिपोर्ट अभी आना बाकी है, जिसके बाद विवेचना को अंतिम रूप देकर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जाएगा। पिता कर रहे हैं जमानत प्रयास जेल में बंद महिला सिपाही के पिता विपिन कुमार शर्मा उरई में अधिवक्ताओं से संपर्क कर बेटी की जमानत के प्रयास कर रहे हैं। चार्जशीट दाखिल न होने के कारण फिलहाल जमानत याचिका दायर नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही इस बहुचर्चित मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0