ढकवा नगर पंचायत ईओ निलंबित:लिपिक को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते पकड़ा था, जांच के दायरे में आए ईओ

Jan 23, 2026 - 09:38
 0  0
ढकवा नगर पंचायत ईओ निलंबित:लिपिक को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते पकड़ा था, जांच के दायरे में आए ईओ
प्रतापगढ़ में रिश्वत मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। नगर पंचायत ढकवा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) अभिनव यादव को शासन ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई लिपिक प्रशांत सिंह की रिश्वत लेते गिरफ्तारी और उसके बाद आई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। ईओ अभिनव यादव फरार चल रहे हैं। दरअसल, एंटी करप्शन टीम ने लिपिक प्रशांत सिंह को नगर पालिका बेल्हा परिषद कार्यालय से 87,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। यह कार्रवाई एक शिकायत के बाद की गई थी। इस संबंध में नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोपी लिपिक को एंटी करप्शन टीम प्रयागराज ले गई थी। लिपिक की गिरफ्तारी के बाद ईओ अभिनव यादव जांच के दायरे में आ गए थे। एंटी करप्शन की कार्रवाई के तुरंत बाद वे कार्यालय छोड़कर फरार हो गए। जिलाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर एसडीएम पट्टी पूर्णेंदु मिश्र को इस मामले की जांच सौंपी गई। एसडीएम ने दूरभाष के माध्यम से ईओ से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। एसडीएम से मिली जांच रिपोर्ट को डीएम ने अनुमोदित कर शासन को भेज दिया। शासन ने ईओ अभिनव यादव को दोषी पाते हुए बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया। उन्हें मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध किया गया है। इस मामले में आगे की जांच के लिए शासन के एक अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0