बिजनौर में 6 दिन से कुत्ते की परिक्रमा जारी:मंदिर में उमड़ी लोगों की भीड़, डॉक्टरों की टीम ने ब्लड सैंपल लिया
जनपद बिजनौर के नगीना क्षेत्र के नंदपुर गांव में पिछले छह दिनों से एक कुत्ता लगातार मंदिर की परिक्रमा कर रहा है। पहले कुत्ते ने हनुमान जी की मूर्ति की परिक्रमा की, फिर अन्य मूर्तियों के चक्कर लगाए। इस घटना को ग्रामीण चमत्कार मान रहे हैं, जिसके चलते मंदिर परिसर में हवन-पूजन, यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। कुत्ते की परिक्रमा का यह अद्भुत दृश्य देखने के लिए हर दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नंदपुर गांव इस समय आस्था का केंद्र बन गया है, जहां दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। यह मामला बिजनौर के नगीना क्षेत्र के नंदपुर गांव का है, जहां अचानक हनुमान मंदिर पर एक कुत्ते को परिक्रमा करते देखा गया था। यह खबर सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों से देशभर में फैल गई। श्रद्धालु इस कुत्ते को भैरव बाबा का रूप मानकर माथा टेकने भी आ रहे हैं। गांव में एक मेला भी लग गया है। कुत्ते द्वारा बिना कुछ खाए-पिए लगातार परिक्रमा किए जाने के कारण उसकी सेहत को लेकर चिंता व्यक्त की गई। डॉक्टरों की एक टीम मौके पर पहुंची और शनिवार को कुत्ते को ड्रिप लगाकर उपचार दिया गया। टीम कुत्ते की एमआरआई, सीटी स्कैन और खून की जांच के लिए उसे दिल्ली ले गई है। कुत्ते की मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। यदि कुत्ता स्वस्थ पाया जाता है, तो उसे वापस मंदिर में छोड़ दिया जाएगा। नगीना का नंदपुर गांव इस घटना के कारण सुर्खियों में है। हर कोई इस दृश्य को अपनी आंखों से देखना चाहता है, जिस कारण मंदिर में प्रतिदिन भीड़ बढ़ रही है। यह मंदिर कई साल पुराना है और नंदलाल बाबा के नाम से स्थापित है। शनिवार को कुत्ते ने कुछ देर परिक्रमा की, जिसके बाद उसने कोई चक्कर नहीं लगाया था। और कुत्ता मंदिर परिसर में ही विश्राम पर रहा। उसके लिए कंबल व गद्दे सहित विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर के आसपास पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0