शहडोल में बिना परमिट कबाड़ परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई:पिकअप जब्त, चालक गिरफ्तार; कबाड़ी के यहां से जा रहा था अवैध लोहा

Dec 26, 2025 - 09:55
 0  0
शहडोल में बिना परमिट कबाड़ परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई:पिकअप जब्त, चालक गिरफ्तार; कबाड़ी के यहां से जा रहा था अवैध लोहा
शहडोल जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र में अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जैतपुर चौक के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर वाहन को रोककर की गई। पुलिस के अनुसार, वाहन क्रमांक MP 65 GA 0757 (पिकअप) को जांच के लिए रोका गया। इसमें भारी मात्रा में कबाड़ लदा हुआ पाया गया। चालक ने अपना नाम छंगा सिंह गोंड (30), पिता राम सिंह गोंड, निवासी वार्ड नंबर 07, अम्बेडकर नगर, बुढ़ार, जिला शहडोल बताया। वह कबाड़ परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कबाड़ चोरी के शक में पिकअप जब्त, चालक गिरफ्तार दस्तावेजों के अभाव और कबाड़ के चोरी का संदेह होने पर पुलिस ने तत्काल पिकअप वाहन और कबाड़ को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 35 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई की और उसे धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत न्यायालय में प्रस्तुत किया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह आरोप भी सामने आए हैं कि क्षेत्र में अवैध कबाड़ का यह कारोबार स्थानीय प्रभावशाली व्यक्ति ‘बड्डे जैन’ के संरक्षण में संचालित हो रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस बिंदु पर विस्तृत जांच जारी है और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि जब्त किया गया कबाड़ कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर खपाने की तैयारी थी। इसके साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0