इंदौर में महिला से दुष्कर्म, 3 लोगों पर FIR:करणी सेना के पदाधिकारी पीड़िता के साथ पहुंचे थे थाने, शिकायत की
इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पीड़िता की शिकायत पर एजाज खान, उसके भाई फारुख और उसके दोस्त शहजाद खान के खिलाफ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार देर शाम करणी सेना के पदाधिकारी मानसिंह राजावत सहित अन्य लोगों के साथ पीड़िता लसूडिया थाने पहुंची थी, जहां उसकी शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2020 में हुई थी और वर्तमान में उसके पति से तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बाद वह एक एडवाइजरी कंपनी में निजी नौकरी करने लगी, जहां उसकी पहचान एजाज खान से हुई। बातचीत के दौरान एजाज ने शादी का भरोसा दिलाया और उसके बच्चे को अपनाने की बात कही। इसके बाद वह उसे खजराना क्षेत्र स्थित एक मकान में ले गया, जहां दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। जान से मारने की धमकी दी कुछ समय बाद एजाज ने खजराना का माहौल ठीक नहीं होने की बात कहकर उसे मानवता नगर स्थित एक फ्लैट में ले जाकर रखा, जो उसके दोस्त शहजाद का बताया गया है। यहां शहजाद का आना-जाना था। पीड़िता का आरोप है कि शहजाद ने मौके का फायदा उठाकर उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया और धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसके बच्चे को जान से मार देगा। पीड़िता ने एजाज से वहां रहने का विरोध किया, जिसके बाद एजाज उसे अभिषेक नगर, खजराना स्थित एक अन्य फ्लैट में ले गया। यहां एजाज कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म करता रहा और आए दिन मारपीट भी करता था। पुलिस जांच कर रही है पीड़िता ने बताया कि 24 दिसंबर को मालवीय नगर पेट्रोल पंप के पास एजाज से उसका विवाद हुआ, जिसके बाद एजाज का भाई फारुख वहां पहुंचा और धमकी दी कि यदि एजाज की बात नहीं मानी तो अंजाम ठीक नहीं होगा। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से परेशान होकर पीड़िता ने अपने रिश्तेदारों को जानकारी दी। इसके बाद करणी सेना के पदाधिकारी मानसिंह राजावत और अन्य लोग उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर गुरुवार देर शाम तीनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0