अमेठी में पुलिस-लुटेरों की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार:एक लुटेरे के पैर में गोली लगी, सर्राफा व्यवसायी से की थी लूट

Dec 7, 2025 - 09:35
 0  0
अमेठी में पुलिस-लुटेरों की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार:एक लुटेरे के पैर में गोली लगी, सर्राफा व्यवसायी से की थी लूट
अमेठी में पुलिस और लुटेरों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया, जिनमें से एक के पैर में गोली लगी है। घायल लुटेरे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लुटेरों के पास से भारी मात्रा में चांदी के जेवरात, एक तमंचा, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। ये सभी लुटेरे कुछ दिन पहले एक सर्राफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना में वांछित थे। यह घटना मोहनगंज थाना क्षेत्र के चिनगाही मोड़ के पास हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 1 दिसंबर को सर्राफा व्यवसायी घनश्याम सोनी से हुई लूट में शामिल लुटेरे जेवरातों का बंटवारा करने के लिए यहां मौजूद हैं। सूचना मिलते ही मोहनगंज पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के आकाश विश्वकर्मा के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आकाश विश्वकर्मा के साथ दो अन्य बदमाशों अंकित विश्वकर्मा और शिवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ सत्यम सिंह को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से चांदी के जेवरात, तमंचा, मोबाइल फोन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चाबी का गुच्छा बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त आकाश विश्वकर्मा ने बताया कि जेल से छूटने के बाद उसे एक व्यक्ति से जानकारी मिली थी कि एक सुनार ने नई दुकान खोली है और वह उम्रदराज व दिव्यांग है। इसके बाद बदमाशों ने सुनार की रेकी शुरू कर दी। कई दिनों तक रेकी करने के बाद बदमाशों ने असलहे के दम पर सर्राफा व्यवसायी से जेवरातों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए थे। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि देर रात मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0