निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत:परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया

Sep 18, 2025 - 13:29
 0  0
निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत:परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया
कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र स्थित दुदही बाजार के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही के कारण एक महिला की मौत हो गई। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। बिहार के भितहा थाना क्षेत्र के रूपही निवासी 22 वर्षीय शबनम को पहला बच्चा होना था। प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार को उन्हें दुदही के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि बिना किसी योग्य चिकित्सक के अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा ऑपरेशन किया गया, जिससे शबनम को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और उनकी हालत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने शबनम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। बाद में, लोगों के समझाने-बुझाने पर परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए। इस मामले में अस्पताल के चिकित्सक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0