आरपीएफ ने नाबालिग बालिका को ट्रेन से उतारा:बरेली से हापुड़ पहुंची किशोरी, मां को सौंपा

Sep 18, 2025 - 13:29
 0  0
आरपीएफ ने नाबालिग बालिका को ट्रेन से उतारा:बरेली से हापुड़ पहुंची किशोरी, मां को सौंपा
हापुड़। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक नाबालिग बालिका को बरेली से भुज जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस से सुरक्षित उतारा। 17 सितंबर को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई के बाद बालिका को उसकी मां को सौंप दिया गया। जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद हेल्पलाइन को 17 सितंबर की सुबह सूचना मिली थी कि बरेली निवासी एक नाबालिग बालिका बिना बताए घर से निकलकर आला हजरत एक्सप्रेस में यात्रा कर रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर अंजेश कुमार ने तत्काल कार्रवाई की। सब-इंस्पेक्टर अंजेश कुमार ने हापुड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित ट्रेन से उतारा। आरपीएफ ने तुरंत बालिका के परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद उसकी मां गुलफशा हापुड़ पहुंचीं। बालिका को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई और सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया। सीडब्ल्यूसी के आदेश के बाद बालिका को उसकी मां को सौंप दिया गया। आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया, "मुरादाबाद हेल्पलाइन से हमें सूचना मिली थी कि एक नाबालिग बालिका अकेले ट्रेन में सफर कर रही है। हमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बरामद किया। बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0