गाजीपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर:63.590 मीटर पर पहुंचा पानी, 5 तहसीलें बाढ़ से प्रभावित; फसलें डूबी
गाजीपुर में गंगा का जलस्तर पिछले तीन दिनों से घट रहा है। सुबह 8 बजे जलस्तर 63.590 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 63.105 मीटर से अभी भी ऊपर है। सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद तहसीलें बाढ़ की चपेट में हैं। किसानों की सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूब गई है। बाढ़ प्रभावित गांवों में लोग पशुओं के चारे की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य कैंप नहीं लगने से ग्रामीणों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। सेवराई तहसील के वीरऊपुर, हसनपुरा, नसीरपुर, नगदीलपुर, अठहठा और रामपुर गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रशासन वीरऊपुर, हसनपुरा और नसीरपुर के लिए दो नावें चला रहा है। जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि गाजीपुर में चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर है। 5 अगस्त को जलस्तर 64.690 मीटर तक पहुंच गया था। पिछले तीन साल का रिकॉर्ड बताता है कि 2021 में 64.680 मीटर, 2022 में 64.390 मीटर और 2024 में 63.670 मीटर अधिकतम जलस्तर रहा। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम अलर्ट है। नवापुरा, स्टीमर घाट, ददरीघाट, जैतपुरा घाट और गंगा तट के निचले इलाकों में लोग जलस्तर पर नजर रखे हुए हैं। रेवतीपुर, भांवरकोल और करंडा में प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0