जौनपुर में पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची की जांच:36 लाख मतदाताओं में से 9.51 लाख संभावित डुप्लीकेट वोटरों की पड़ताल
जौनपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची का सत्यापन शुरू हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन को 9 लाख 51 हजार 391 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी है। जिले में कुल 36,19,957 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 18,88,535 पुरुष और 17,31,422 महिला मतदाता हैं। सत्यापन कार्य के लिए 1,954 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) नियुक्त किए गए हैं। आयोग द्वारा सॉफ्टवेयर से की गई जांच में लगभग सभी गांवों में डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान हुई है। बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। सत्यापन के दौरान मतदाताओं के आधार कार्ड के अंतिम चार अंक दर्ज करना अनिवार्य है। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण 19 अगस्त से 29 सितंबर तक चलेगा। शाहगंज ब्लॉक में सर्वाधिक 2,67,720 मतदाता हैं। इसमें 1,41,320 पुरुष और 1,26,400 महिला मतदाता शामिल हैं। खुटहन ब्लॉक 2,01,151 मतदाताओं के साथ दूसरे स्थान पर है। मछलीशहर ब्लॉक में 2,00,207 मतदाता पंजीकृत हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह के अनुसार, चुनाव आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड की गई सूची में एक व्यक्ति का नाम पूरे विकास खंड में दर्ज मिला है। सत्यापन के बाद डुप्लीकेट पाए गए मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए जाएंगे। संबंधित एसडीएम विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0