सब स्टेशन में गंदगी, टूटी छत देख ऊर्जा मंत्री नाराज:जूनियर इंजीनियर का इंक्रीमेंट रोका, लोगों से पूछा-बिजली तो नहीं जाती

Jun 4, 2025 - 18:44
 0  0
सब स्टेशन में गंदगी, टूटी छत देख ऊर्जा मंत्री नाराज:जूनियर इंजीनियर का इंक्रीमेंट रोका, लोगों से पूछा-बिजली तो नहीं जाती
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को कोटरा सुल्तानाबाद, नेहरू नगर एवं 33/11 केवी विद्युत उप केंद्र भदभदा का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री लोगों के घर और दुकान पर पहुंचे और पूछा कि बिजली आपूर्ति से कितने संतुष्ट हैं, कितने नहीं। वे सब स्टेशन पर गंदगी देखकर नाराज हुए और सफाई में लापरवाही के लिए जूनियर इंजीनियर का इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश दिए। वहीं सब स्टेशन की टूटी छत सिविल डिपार्टमेंट से ठीक कराने को कहा। औचक निरीक्षण पर निकले मंत्री अचानक एक उपभोक्ता के घर पहुंच गए। उनसे कहा- नमस्कार, मैं मध्य प्रदेश का ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, आपके घर में बिजली रहती है या नहीं रहती, बिजली सप्लाई से संतुष्ट हैं या किसी तरह की दिक्कत है। जवाब मिला-बिजली पर्याप्त मिल रही है और कभी कभार एक-दो मिनट के लिए जाती है या फिर जब कोई फाल्ट होता है तो गुल होती है। मंत्री ने पूछा आप संतुष्ट हैं, तो जवाब मिला हां मंत्री ने विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने इस निरीक्षण को विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, जनहित की आवश्यकताओं की पूर्ति और कर्मचारियों के हितों की रक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। ऊर्जा मंत्री ने निरीक्षण के दौरान बिजली की ट्रिपिंग, अनियमित विद्युत आपूर्ति और रखरखाव से जुड़ी दिक्कतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित इंजीनियरों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या लापरवाही को तत्काल दूर किया जाए। ऊर्जा मंत्री तोमर ने भदभदा विद्युत वितरण केन्द्र के निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कनिष्ठ अभियंता की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक को सुचारू, सुरक्षित और सुलभ विद्युत सेवा उपलब्ध कराना है। इसके लिए कार्यकुशलता एवं त्वरित कार्रवाई पर फोकस किया जाएगा। उप केन्द्रों की नियमित सफाई करें सब स्टेशन के निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने सब स्टेशन में घास और अन्य गंदगी हटाने को कहा। उन्होंने उपकेन्द्र परिसरों में स्वच्छता, तकनीकी उपकरणों की स्थिति एवं उनकी कार्यक्षमता को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उप केन्द्रों की नियमित सफाई, तकनीकी संसाधनों का समय पर रखरखाव तथा कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करना निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मूलभूत शर्तें है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0