अभाविप के विभिन्न आयामों और गतिविधियों पर आज से बैठक:कुलपतियों की नियुक्ति, कोचिंग संस्थानों में फीस वृद्धि के मुद्दे पर पेश होगा प्रस्ताव
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की रायपुर में तीन दिन तक बैठक चलेगी। बैठक में शिक्षा, पर्यावरण, आंतरिक सुरक्षा, वैश्विक भारत के संबंध और समसामयिक विषयों पर मंथन होगा। साथ ही देश में विद्यार्थी परिषद की गतिविधियों की रूपरेखा तय करने के अलावा राष्ट्रीय छात्र युवा नीति में हस्तक्षेप की दिशा भी तय होगी। बता दें कि 29 मई से 31 मई तक इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम सभागार में बैठक होगी। इससे पहले मंगलवार को परिषद के विभिन्न आयाम व गतिविधियों की बैठक होगी। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि यह आयोजन परिषद की संगठनात्मक ऊर्जा का प्रतीक बनेगा। कोचिंग संस्थानों में मनमानी फीस वृद्धि, केंद्रीय विश्वविद्यालयों में कुलपतियों के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति, आंतरिक सुरक्षा और भारत के वैश्विक संबंधों पर केंद्रित प्रस्ताव के साथ ही भारतीय सेना के पराक्रम ऑपरेशन सिंदूर पर अभिनंदन प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े हर मुद्दे पर स्पष्ट दृष्टिकोण प्रस्तुत करना हमारी प्राथमिकता है। साव करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री अरुण साव 27 मई को 10 विषयों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के इतिहास, कला एवं लोक संस्कृति, भारतीय गणतंत्र के 75 वर्ष, ढोकरा आर्ट, मूर्ति कला और बस्तर आर्ट आदि विषयों को चित्रित किया जाएगा, जबकि 28 मई को नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0