मां को मारा तो बेटे ने टांगी से काट डाला:सरगुजा में धान की रखवाली को लेकर ग्रामीण से हुआ था विवाद, आरोपी फरार

Nov 21, 2026 - 17:08
 0  0
मां को मारा तो बेटे ने टांगी से काट डाला:सरगुजा में धान की रखवाली को लेकर ग्रामीण से हुआ था विवाद, आरोपी फरार
सरगुजा के ग्राम रवई में मां को पीटने से नाराज बेटे ने ग्रामीण की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। ग्रामीण ने महिला के सिर पर हाथ में पहने कड़े से वार किया था। इससे उसकी आंख के ऊपर गहरी चोट लगी और खून निकलने लगा। मां को घायल देखकर बेटा गुस्से में आ गया। उसने घर में रखी टांगी से ग्रामीण के सिर पर कई वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया। मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज किया है। मामला धौरपुर थाना क्षेत्र का है। जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को जम्हीर कोरवा ने गांव की महिला बयालो कोरवा को धान की रखवाली के लिए चउरपानी चलने को कहा था। बयालो गांव की दूसरी महिलाओं के साथ आधार कार्ड और राशन कार्ड का केवाईसी नहीं होने के कारण वहां नहीं गई थी। इसी बात को लेकर गुरुवार देर रात जम्हीर और बयालो के बीच विवाद हो गया। मां के सिर से खून निकलते देख बेटे ने किया हमला विवाद के दौरान जम्हीर कोरवा ने बयालो की बात पर भरोसा नहीं किया। उसने अपने दाएं हाथ में पहने कड़े से बयालो के सिर पर वार कर दिया। कड़ा लगने से उसकी बाईं आंख के ऊपर गहरी चोट लग गई और खून निकलने लगा। मां को घायल देखकर उसका बेटा छंदना उर्फ छन्ना कोरवा गुस्से में आ गया। उसने मंगल कोरवा के घर में रखी टांगी उठाई और जम्हीर के सिर पर कई वार कर दिए। वहां मौजूद बुधनी कोरवा, बयालो, मूली कोरवा, लालसाय कोरवा और फुलबसिया ने दोनों को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन तब तक जम्हीर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर चुका था। कुछ देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जम्हीर की मौत के बाद छंदना टांगी को मौके पर फेंककर वहां से भाग गया। हत्या का केस दर्ज, आरोपी की तलाश जारी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी छंदना कोरवा के खिलाफ धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0