कंप्यूटर-ऑपरेटर पर 42 किसानों के चेक में फर्जीवाड़े का आरोप:दुर्ग की जरवाय सहकारी समिति में प्रबंधक की सील लगाकर किए हस्ताक्षर, FIR दर्ज

Nov 21, 2026 - 17:08
 0  0
कंप्यूटर-ऑपरेटर पर 42 किसानों के चेक में फर्जीवाड़े का आरोप:दुर्ग की जरवाय सहकारी समिति में प्रबंधक की सील लगाकर किए हस्ताक्षर, FIR दर्ज
दुर्ग जिले की सेवा सहकारी समिति जरवाय में 42 किसानों के KCC चेक पर कथित फर्जी हस्ताक्षर का मामला सामने आया है। कंप्यूटर ऑपरेटर पुराणिक साहू पर समिति प्रबंधक की सील लगाकर चेक जारी करने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, उसने कार्यालय में रखी तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव की सील का इस्तेमाल किया। आरोप है कि सील लगाने के बाद उसने चेक पर खुद हस्ताक्षर किए। एक और किसान को तय सीमा से ज्यादा खाद देने के लिए भी कथित तौर पर फर्जी चेक जारी करने की शिकायत हुई है। विभागीय जांच और दस्तावेजों की जांच के बाद सहकारिता विभाग ने पुलिस कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद रानीतराई पुलिस ने पुराणिक साहू के खिलाफ BNS की धारा 316, 318, 336(3) और 338 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। शिकायत के अनुसार, पुराणिक साहू पहले सेवा सहकारी समिति मर्यादित केसरा में कंप्यूटर ऑपरेटर था। समिति के पुनर्गठन के बाद उसकी तैनाती सेवा सहकारी समिति जरवाय में हुई। आरोप है कि 24 अप्रैल 2026 को उसने 42 किसानों के KCC चेक जारी किए। नियम के मुताबिक, चेक पर समिति प्रबंधक की सील के ऊपर उनके हस्ताक्षर होने चाहिए थे। दूसरे किसान को अधिक खाद देने के लिए भी चेक शिकायत में 25 जून 2026 की एक अन्य घटना का भी उल्लेख है। इसके मुताबिक जरवाय निवासी किसान शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए नियम विरुद्ध चेक जारी किया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव ने प्राधिकृत अधिकारी अमित श्रीवास्तव को लिखित रूप से सूचना दी थी। ग्रामीणों ने भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी। नोटिस के जवाब में हस्ताक्षर करने की बात स्वीकारने का दावा शिकायत के मुताबिक मामले में पुराणिक साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके जवाब में उसने 42 KCC चेकों पर अपने हस्ताक्षर करने और अलग-अलग किसानों के नाम से चेक जारी करने की बात स्वीकार की थी। साथ ही शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद का चेक जारी करने का भी उल्लेख किया गया है। यह विभागीय शिकायत में दर्ज महत्वपूर्ण तथ्य है, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच में की जानी है। शिकायतों के बाद मूल समिति केसरा भेजा गया लगातार शिकायतों के बाद संयुक्त आयुक्त सहकारिता संभाग दुर्ग के आदेश के पालन में समिति बोर्ड की बैठक बुलाई गई। इसके बाद पुराणिक साहू को जरवाय समिति से हटाकर उसकी मूल समिति केसरा वापस भेज दिया गया। सहकारिता विभाग के उपयुक्त सतीश पाटले ने 17 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर मामले में आपराधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच प्रतिवेदन के साथ थाने पहुंचा समिति प्रबंधन 18 नवंबर 2026 को प्रभारी समिति प्रबंधक महेंद्र चक्रधारी वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक खगेश देशमुख और सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी के साथ रानीतराई थाने पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत के साथ KCC चेक की प्रतियां, 17 पेज का जांच प्रतिवेदन और धनादेश भुगतान संबंधी सूचना पत्र पुलिस को सौंपे। दस्तावेजों के परीक्षण के बाद पुलिस ने पुराणिक साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक न्यास भंग और कूटरचना से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। अब पुलिस 42 चेकों, हस्ताक्षरों, समिति की सील के इस्तेमाल और संबंधित लेनदेन की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0