सड़क किनारे पानी भरी खाई में युवक का शव मिला:मथुरा में पास ही क्षतिग्रस्त बाइक मिली, हादसे की आशंका

Nov 7, 2026 - 10:20
 0  0
सड़क किनारे पानी भरी खाई में युवक का शव मिला:मथुरा में पास ही क्षतिग्रस्त बाइक मिली, हादसे की आशंका
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के गांव खामिनी में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अंबेडकर प्रतिमा के सामने सड़क किनारे पानी से भरी खाई में एक युवक का शव पड़ा मिला। शव से कुछ दूरी पर एक मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब आठ बजे कंट्रोल रूम और पीआरवी के माध्यम से गांव खामिनी में एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पैशन प्रो मोटरसाइकिल टूटी हुई अवस्था में मिली। वहीं पास में सड़क किनारे बनी खाई में करीब 28 वर्षीय युवक का शव पानी में पड़ा था। युवक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। पानी में काफी देर तक पड़े रहने के कारण शव अकड़ गया था। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर सड़क पर रखवाया। बाद में मृतक की पहचान सलमान पुत्र ईदा निवासी समसाबाद, आगरा के रूप में हुई। बताया गया कि सलमान की गांव खामिनी में रिश्तेदारी थी और वह भरतपुर गेट स्थित एक बेकरी में काम करता था। वह शराब पीने का आदी भी बताया गया है। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई और युवक खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। थाना हाईवे प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0