जबलपुर के लेडी एल्गिन अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल:रात में नशे में धुत 2 युवक घुसे, आपस में मारपीट; पुलिस से भी की बहस

Aug 24, 2026 - 11:06
 0  0
जबलपुर के लेडी एल्गिन अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल:रात में नशे में धुत 2 युवक घुसे, आपस में मारपीट; पुलिस से भी की बहस
जबलपुर संभाग के सबसे बड़े लेडी एल्गिन अस्पताल में रविवार देर रात दो युवकों के हंगामे का वीडियो सामने आया है। रात करीब साढ़े तीन बजे नशे की हालत में दोनों युवक अस्पताल के मुख्य गेट से अंदर पहुंचे और गाली-गलौच करते हुए आपस में मारपीट करने लगे। इस दौरान एक युवक के हाथ में चाकू होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक करीब 10 मिनट तक अस्पताल परिसर में एक-दूसरे से मारपीट करते रहे। लड़ते-लड़ते वे मुख्य गेट तक पहुंच गए। शोर सुनकर अस्पताल में मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, इसी दौरान किसी ने एक युवक के हाथ में चाकू देखा। पुलिस पहुंची तो उनसे भी करने लगे बहस हंगामा बढ़ता देख अस्पताल में मौजूद लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में धुत युवक पुलिस से भी बहस करने लगे। दोनों लगातार गाली-गलौच करते रहे। घटना का वीडियो अस्पताल में मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल लेडी एल्गिन अस्पताल में बड़ी संख्या में महिलाएं और नवजात बच्चे भर्ती रहते हैं। ऐसे में देर रात नशे में धुत युवकों का अस्पताल परिसर में प्रवेश कर हंगामा करना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब यह भी सवाल उठ रहा है कि रात के समय मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल में ही शराब पीती मिली महिला लेडी एल्गिन अस्पताल के बाद अब जबलपुर जिला अस्पताल का भी एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार दोपहर का है। इसमें एक महिला सीढ़ियां चढ़कर जनरल वार्ड तक पहुंचती है और फिर वार्ड के दरवाजे के पास बैठकर शराब पीने लगती है। मरीजों के परिजनों ने महिला को समझाने और अस्पताल से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0