पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली:एटा में साथी फरार, लूट के दो मोबाइल, नकदी और चोरी की बाइक बरामद
एटा में बुधवार देर रात कोतवाली नगर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, दो लूटे गए मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, 22/23 जुलाई की रात करीब एक बजे कोतवाली नगर पुलिस शिकोहाबाद रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो अपराधी मोटरसाइकिल से इलाके में घूम रहे हैं। गंगनपुर के पास पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान, साथी की तलाश जारी घायल बदमाश की पहचान काशीराम कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सौरभ उर्फ छोटू पुत्र सुंदर लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं उसका साथी राहुल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कांबिंग और दबिश दे रही है। 18 जुलाई की लूट की वारदात कबूली पुलिस पूछताछ में सौरभ ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी राहुल के साथ मिलकर 18 जुलाई की रात हाथी गेट के पास दो मोबाइल फोन और नकदी लूटी थी। इस मामले में कोतवाली नगर थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक और नकदी बरामद पुलिस ने सौरभ के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर की चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, लूटे गए सैमसंग और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा 4,500 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। आठ से ज्यादा मुकदमे पहले से दर्ज पुलिस के अनुसार, सौरभ उर्फ छोटू हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत आठ से अधिक मुकदमे कोतवाली नगर और कोतवाली देहात थानों में दर्ज हैं। इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई इस मुठभेड़ की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में की गई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरुण कुमार, उपनिरीक्षक पारस त्यागी, कांस्टेबल पवन कुमार और कांस्टेबल उत्तम सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0