बेटे ने पिता की हत्या कर टपरी में छिपाया शव:सागर में राशन लेने के बहाने बहन के घर से गांव बुलाया था, आरोपी गिरफ्तार

Jul 15, 2026 - 08:10
 0  0
बेटे ने पिता की हत्या कर टपरी में छिपाया शव:सागर में राशन लेने के बहाने बहन के घर से गांव बुलाया था, आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के विनायका थाना क्षेत्र के ग्राम पिथौली में पैसों के विवाद में बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को टपरी में छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और मंगलवार को हिंडोरिया की पहाड़ी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। टपरी में मिला था शव पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को ग्राम पिथौली निवासी जगरानी रावत (70) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पति खज्जू रावत (75) घर से निकले थे। उन्हें उनका बेटा फूल सिंह उर्फ फुल्लू रावत अपने साथ ले गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। उसी दिन कुछ समय बाद गांव के पास एक टपरी में घास के नीचे खज्जू रावत का शव मिला। शुरुआती जांच में पता चला कि किसी भारी वस्तु से हमला कर उनकी हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सबूत मिलने पर आरोपी को पकड़ा जांच के दौरान पुलिस को आरोपी बेटे फूल सिंह के खिलाफ साक्ष्य मिले। उसकी तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को हिंडोरिया की पहाड़ी से आरोपी फूल सिंह उर्फ फुल्लू रावत (35) निवासी पिथौली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए उसे थाने लाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, फूल सिंह शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता था। इससे परेशान होकर खज्जू रावत अपनी बेटी के घर रहने लगे थे। वारदात वाले दिन आरोपी उन्हें राशन लेने का बहाना बनाकर गांव लेकर आया। इसके बाद टपरी में ले जाकर उनकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता से पैसों की मांग कर रहा था। इसी विवाद में उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया विनायका थाना प्रभारी भूपेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि हत्या के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने पैसों के विवाद में पिता की हत्या करना स्वीकार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0