बदायूं में आषाढ़ अमावस्या पर लाखों श्रद्धालु पहुंचे:गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रशासन कर रहा निगरानी

Jul 14, 2026 - 09:50
 0  0
बदायूं में आषाढ़ अमावस्या पर लाखों श्रद्धालु पहुंचे:गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रशासन कर रहा निगरानी
बदायूं में आषाढ़ अमावस्या के अवसर पर मंगलवार तड़के कछला और अटेना गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्ममुहूर्त से ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं, जहां 'हर-हर गंगे' के जयघोष गूंज रहे हैं। स्नान के उपरांत श्रद्धालु घाटों पर हवन-पूजन, कथा श्रवण, पितरों के निमित्त तर्पण, दान-पुण्य और बच्चों के मुंडन संस्कार करा रहे हैं। सुबह से ही घाटों पर मेले जैसा माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कछला और अटेना घाटों पर पुलिस, पीएसी तथा फ्लड पीएसी के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं। जल पुलिस और गोताखोर मोटरबोट से गंगा में लगातार गश्त कर रहे हैं। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग लगाकर लोगों को जाने से रोका जा रहा है। लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की जा रही है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात संचालन पर पल-पल नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा टीम, एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग और अन्य राहत दल भी मौके पर तैनात किए गए हैं। सड़क मार्ग के साथ-साथ रेल मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। बदायूं रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही ट्रेनों के आगमन के साथ प्लेटफार्मों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई है। कछला गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के कारण कई ट्रेनों के सामान्य डिब्बों में अत्यधिक भीड़ रही। बरेली-मथुरा हाईवे और कछला मार्ग पर भी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, पहले से लागू डायवर्जन व्यवस्था के कारण यातायात सुचारु बना हुआ है। घाटों पर धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी है और दोपहर तक श्रद्धालुओं की भीड़ में और वृद्धि होने की संभावना है। प्रशासन का अमला देर शाम तक गंगा स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए अलर्ट मोड में डटा हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0