चित्रकूट में आकाशीय बिजली का कहर:किसान झुलसा, 5 गोवंश समेत कई पशुओं की मौत; आंधी से मार्ग बाधित

Jun 27, 2026 - 09:20
 0  0
चित्रकूट में आकाशीय बिजली का कहर:किसान झुलसा, 5 गोवंश समेत कई पशुओं की मौत; आंधी से मार्ग बाधित
चित्रकूट में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ। इस दौरान एक किसान झुलस गया, जबकि पांच गोवंश समेत कई पशुओं की मौत हो गई। आंधी के कारण पेड़ गिरने से मार्ग भी बाधित हुआ। सुबह से दोपहर तक भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे, तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस था। शाम लगभग पांच बजे अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिससे गर्मी से राहत मिली। हालांकि, जिले के कई हिस्सों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली ने नुकसान भी पहुंचाया। पहाड़ी-राजापुर मार्ग पर लोढ़वारा के पास तेज आंधी के कारण एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम ने कोतवाल दुर्गविजय सिंह के नेतृत्व में पेड़ हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। मानिकपुर क्षेत्र के खिचरी गांव में 62 वर्षीय पप्पू कोल खेत में बकरियां चरा रहे थे, तभी वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। इस हादसे में उनकी दो बकरियों और दो कुत्तों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। सरधुवा क्षेत्र के बरद्वारा गांव में भी आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। गांव की गोशाला पर बिजली गिरने से चार गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अतिरिक्त, गांव में एक अन्य गोवंश की भी बिजली की चपेट में आने से जान चली गई। खंड विकास अधिकारी संजय पांडेय ने बताया कि मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। राजस्व और पशुपालन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0